By: Ishu Kumar
Jamshedpur : लौहनगरी के कदमा स्थित शास्त्री नगर (ब्लॉक नंबर-4) में भक्ति का एक अलौकिक दृश्य देखने को मिला। यहाँ लगभग साढ़े चार दशक पुराने ऐतिहासिक शीतला मंदिर में रविवार को मां शीतला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा पूरे विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस पावन अवसर पर समूचा इलाका ‘जय मां शीतला’ के जयकारों से गुंजायमान रहा। मंदिर कमेटी ने इस भव्य आयोजन के लिए पिछले 18 महीनों से तैयारियां की थीं, जिसका परिणाम रविवार को एक विशाल उत्सव के रूप में सामने आया।

तमिलनाडु, केरल और चेन्नई की विशेष टीमों ने बिखेरी भव्यता
Jamshedpur इस धार्मिक अनुष्ठान की सबसे खास बात इसकी भव्यता और सांस्कृतिक विविधता रही। प्राण प्रतिष्ठा की वैदिक पूजा संपन्न कराने के लिए विशेष रूप से तमिलनाडु के तंजावुर से विद्वान पंडितों की टोली बुलाई गई थी। मंदिर की साज-सज्जा के लिए चेन्नई के कुशल कारीगरों ने फूलों का अद्भुत श्रृंगार किया, जबकि केरल से आए पारंपरिक बैंड ने अपनी प्रस्तुति से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोपहर में निकाली गई भव्य शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ा, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर परिसर पहुँचा।

गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति और आध्यात्मिक संदेश
Jamshedpur इस पुनीत अवसर पर झारखंड के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता और मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता मुख्य रूप से उपस्थित रहे। बन्ना गुप्ता ने कहा कि यह मंदिर समाज को आध्यात्मिक रूप से जोड़ने का एक सशक्त केंद्र बनेगा। वहीं, मेयर सुधा गुप्ता ने भावुक होते हुए कहा कि मां शीतला शक्ति की प्रतीक हैं और उनके आशीर्वाद से ही उन्हें जनता की सेवा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष बारी मुर्मू सहित कई गणमान्य लोगों ने भी शिरकत की। अंत में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष एस. धसना मूर्ति ने आयोजन की सफलता के लिए सभी सहयोगियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।

Also Read This: Hazaribagh: वर्चस्व की लड़ाई में कोयला कारोबारी की हत्या, भागते अपराधियों ने 8 को कुचला, 2 की मौत

