Imperial Heights Nalasopara:महाराष्ट्र के नालासोपारा-वसई लिंक रोड पर स्थित एक ऊंची इमारत में बीती रात भीषण आग लगने की दर्दनाक घटना सामने आई। इस हादसे ने इलाके में हड़कंप मचा दिया और लोगों के बीच दहशत का माहौल पैदा कर दिया। घर से उठती तेज लपटों और धुएं के गुबार ने स्थिति को बेहद खतरनाक बना दिया था।
धुएं में दम घुटने से दो महिलाओं की मौत
Imperial Heights Nalasopara:इस भीषण हादसे में दो महिलाओं की जान चली गई, जिनकी पहचान फाल्गुनी शाह और अश्विनी पारकर के रूप में हुई है। तुलिंज अस्पताल की प्रभारी डॉ. कविता जगदा के मुताबिक, शुरुआती जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों की मौत अत्यधिक धुआं जाने के कारण दम घुटने से हुई है। हालांकि, मौत के असली कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
जान हथेली पर रखकर 45 मिनट तक किया इंतजार
Imperial Heights Nalasopara:आग की भयंकर लपटों के बीच एक ही परिवार के चार सदस्यों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत के बाहरी हिस्से में बनी एक छोटी सी जगह का सहारा लिया। चारों तरफ आग फैली होने के कारण उन्हें करीब 40 से 45 मिनट तक भारी दहशत के साये में मदद का इंतजार करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही वसई-विरार शहर महानगरपालिका का दमकल विभाग तुरंत मौके पर पहुंचा। आग इतनी ऊपर थी कि 14वीं मंजिल पर फंसे लोगों तक पहुंचने के लिए बड़ी क्रेन का इस्तेमाल करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर और कड़ी मशक्कत के बाद चारों लोगों को सकुशल बाहर निकाल लिया।
नवरात्रि की भीड़ और राहत कार्य
Imperial Heights Nalasopara:चूंकि नवरात्रि का पावन उत्सव चल रहा था, इसलिए इलाके में पहले से ही काफी भीड़भाड़ थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्व महापौर रुपेश जाधव और आचोले थाने की पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया। दमकल विभाग की मुस्तैदी से एक बड़ा हादसा टल गया और चार लोगों की जान बचा ली गई।
फिलहाल, आग लगने के असली कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। इसके अलावा, इमारत में अग्नि सुरक्षा (फायर सेफ्टी) के पुख्ता इंतजाम थे या नहीं और इस दुर्घटना में कुल कितने का नुकसान हुआ है, इसकी जांच संबंधित विभाग द्वारा की जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही इस मामले में आगे की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

