IIT Mumbai Student Suicide CaseIIT Mumbai Student Suicide Case
Spread the love

IIT Mumbai Student Suicide Case:भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) मुंबई के 22 वर्षीय छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या के मामले में मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने एक बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, परीक्षा के दौरान नकल करते पकड़े जाने के कुछ ही घंटे बाद साहिल ने संस्थान से लिखित माफी मांगी थी और परीक्षा में एक और मौका देने की गुहार लगाई थी।

परीक्षा की तैयारी न होने की बात की थी स्वीकार

IIT Mumbai Student Suicide Case:पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे ने संस्थान को सौंपे गए अपने लिखित बयान में यह बात स्वीकार की थी कि उसने परीक्षा की अच्छी तैयारी नहीं की थी। अपनी गलती मानते हुए उसने अधिकारियों से अपील की थी कि उसे भविष्य में सुधार का एक और अवसर दिया जाए।

फंदे से लटका मिला था छात्र का शव

साहिल वाकोडे का शव गत 18 सितंबर की शाम को उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया था। घटना से कुछ घंटे पहले ही उसे ‘मिड-सेमेस्टर’ परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन की मदद से चैटजीपीटी का उपयोग करते हुए पकड़ा गया था। इस अप्रिय घटना के बाद से ही संस्थान के शैक्षणिक माहौल और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे थे।

परिजनों के गंभीर आरोप और पुलिस जांच

IIT Mumbai Student Suicide Case:मृतक छात्र के माता-पिता (रवींद्र और सोनाली वाकोडे) ने प्रोफेसरों पर गंभीर उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं। बेटे को न्याय दिलाने के लिए माता-पिता ने गत 24 सितंबर को दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल भी शुरू की थी।

शिकायत के आधार पर पवई पुलिस ने प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है। हालांकि, आरोपी प्रोफेसर डूला ने पुलिस को दिए अपने बयान में छात्र के परिजनों द्वारा लगाए गए उत्पीड़न और भेदभाव के सभी आरोपों से पूरी तरह इनकार किया है।

इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहराई से जांच कर रही मुंबई अपराध शाखा अब तक IIT मुंबई के निदेशक शिरीष केदारे और प्रोफेसर सूर्यनारायण डूला समेत 40 से अधिक लोगों के बयान दर्ज कर चुकी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच में जुटी हुई है।

read this:-छत्तीसगढ़ के कोरबा में मानदेय शिक्षकों ने खोला मोर्चा: नौकरी की सुरक्षा और मानदेय वृद्धि की मांग को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन