रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Gwalior : मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के जनकगंज थाना क्षेत्र स्थित नई सड़क इलाके में पैसों के विवाद को लेकर दो दोस्तों के बीच खूनी संघर्ष सामने आया है। ‘काना फैशन स्टूडियो’ के बाहर मंगलवार शाम एक युवक ने अपने ही दोस्त पर ताबड़तोड़ चाकू से कई वार कर दिए। इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले के बाद आरोपी मौके पर ही अपनी स्कूटी और चाकू छोड़कर फरार हो गया। घायल अवस्था में पीड़ित को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
दुकान के बाहर हुआ विवाद और चाकू से हमला
Gwalior पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सिकंदर कंपू निवासी मनीष लालवानी नई सड़क पर स्थित कान्हा फैशन स्टूडियो में नौकरी करता है। मंगलवार की शाम जब वह दुकान पर काम कर रहा था, तब उसका परिचित विनय पंजाबी स्कूटी से उससे मिलने वहां पहुँचा। बाहर खड़े एक अन्य व्यक्ति से उसने मनीष के बारे में पूछा और फिर इशारे कर उसे दुकान के बाहर बुलाया। बाहर आते ही दोनों के बीच पैसों के लेनदेन को लेकर बहस शुरू हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि विनय ने अचानक अपनी कमर से चाकू निकाला और मनीष पर हमला कर दिया।
पैर और हाथ में आई गंभीर चोटें, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
Gwalior आरोपी विनय द्वारा किए गए ताबड़तोड़ वार से मनीष के दाहिने पैर और हाथ में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ होने के बावजूद पीड़ित ने हिम्मत दिखाते हुए आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन डर की वजह से मौके पर मौजूद लोग आगे नहीं आए। यह पूरी वारदात दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ-साफ कैद हो गई है। फुटेज में हमले से जुड़े सारे घटनाक्रम स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं।
पैसे न होने पर समय माँगने से भड़का आरोपी
Gwalior घायल मनीष ने पुलिस को बताया कि उसका विनय के साथ पैसों का पुराना लेन-देन था। विनय उसी सिलसिले में पैसे माँगने आया था। उस वक्त जेब में नकदी न होने के कारण मनीष ने उसे भुगतान के लिए थोड़ा समय देने का अनुरोध किया था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने आपा खो दिया और उस पर जानलेवा हमला कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
Gwalior घटना की जानकारी मिलते ही जनकगंज थाना पुलिस फौरन मौके पर पहुँची और घायल मनीष को उपचार के लिए जयारोग्य अस्पताल (JAH) भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी विनय पंजाबी के खिलाफ प्रासंगिकी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल पर छोड़ी गई स्कूटी, चाकू और सीसीटीवी फुटेज को मुख्य साक्ष्य बनाते हुए पुलिस आरोपी की धरपकड़ के लिए लगातार दबिश दे रही है।

