रिपोर्टर: विजय गुप्ता
Datia : मध्य प्रदेश के दतिया जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। शुक्रवार देर रात कोतवाली थाना क्षेत्र के रिंग रोड के समीप बदमाशों ने जनपद पंचायत उपाध्यक्ष के पति प्रदीप किरार को निशाना बनाते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने कार रोककर लोहे के पाइपों से बेदर्दी से मारपीट की, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
रिंग रोड पर गाड़ी रोककर की गई मारपीट और तोड़फोड़
Datia मिली जानकारी के मुताबिक, प्रदीप किरार जब रिंग रोड से होकर गुजर रहे थे, तभी घात लगाए आरोपियों ने उनकी गाड़ी को बीच रास्ते में जबरन रुकवा लिया। कार रुकते ही हमलावर टूट पड़े और लोहे के पाइपों से प्रहार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। इतना ही नहीं, उपद्रवियों ने उनकी गाड़ी के शीशे फोड़ते हुए वाहन में जमकर तोड़फोड़ भी की और मौके से फरार हो गए।
चार आरोपियों पर लगा हमला करने का आरोप
Datia अस्पताल में उपचाराधीन पीड़ित प्रदीप किरार ने चार लोगों पर नामजद हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में बलदाऊ यादव, विक्रम यादव, राजू यादव और रंजीत यादव को इस वारदात का जिम्मेदार बताया है। पीड़ित के अनुसार पुरानी रंजिश या आपसी विवाद के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया है।
जिला अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस की तफ्तीश तेज
Datia घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। गंभीर रूप से घायल प्रदीप किरार को तत्काल जिला अस्पताल दतिया में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार चल रहे सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
ये भी पढ़े: युवाओं में क्यों बढ़ रही है ब्रेन फॉग की समस्या? जानें कारण, बचाव के तरीके और कब जरूरी है डॉक्टर की सलाह

