रिपोर्टर: शिवम तिवारी
Datia : राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) और मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विजय चंद्र के मार्गदर्शन में जिले में ‘न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में हाल ही में जिला जेल दतिया और रोशनी शिशु ग्रह में विशेष जागरूकता शिविर लगाने के साथ-साथ निरीक्षण कार्यक्रम भी संपन्न हुआ। इस पूरी कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बंदियों और बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।
जिला जेल में बंदियों को दिए गए विधिक अधिकार और स्वास्थ्य संबंधी निर्देश
Datia निरीक्षण के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव राजेश भंडारी ने जेल परिसर का जायजा लिया और बंदियों को दी जा रही कानूनी सहायता की समीक्षा की। उन्होंने बंदियों से संवाद कर उनके विधिक अधिकारों, मुफ्त कानूनी सहायता पाने की प्रक्रिया और पुनर्वास योजनाओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। इस दौरान इस बात पर विशेष बल दिया गया कि सभी बंदियों को उनके मुकदमों की मौजूदा स्थिति की सही जानकारी मिले। साथ ही, उनके मानसिक स्वास्थ्य और भावनात्मक कल्याण को बेहतर बनाने के लिए भी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
रोशनी शिशु ग्रह पहुंचकर बच्चों की सुविधाओं का किया गया परीक्षण
Datia जेल निरीक्षण के पश्चात टीम ने रोशनी शिशु ग्रह (बाल देख-रेख संस्थान) का भी औचक निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों ने बच्चों के रहने, खाने और अन्य दैनिक सुविधाओं का बारीकी से मुआयना किया। इस दौरान उपस्थित बच्चों को उनके बुनियादी कानूनी अधिकारों और बाल संरक्षण कानूनों के प्रति सरल भाषा में जागरूक किया गया, ताकि वे अपने अधिकारों को लेकर सजग रह सकें।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई प्रमुख अधिकारी और प्रशासनिक अमला
Datia इस जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान के दौरान न्याय और महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला विधिक सहायता अधिकारी विभूति तिवारी, जेल अधीक्षक ओ.पी. पांडे तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बृजेंद्र कौरव ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जेल और शिशु ग्रह की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया।

