रिपोर्टर: रंजीत सिंह
Bhopal : राजधानी भोपाल के वैशाली नगर इलाके में दूषित पेयजल आपूर्ति की शिकायत सामने आने के बाद नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। नागरिकों को शुद्ध पानी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निगम ने क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था की सघन निगरानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा ने जलकार्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और जल परीक्षण दल के साथ वैशाली नगर का दौरा कर पेयजल की शुद्धता की जांच की। मौके पर किए गए परीक्षण में पानी पूरी तरह साफ पाया गया, वहीं स्थानीय निवासियों ने भी स्वच्छ पानी मिलने की बात स्वीकार की है।

11 घरों से लिए गए नए सैंपल, लैब में होगी विस्तृत जांच
Bhopal नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार की गई इस कार्रवाई के दौरान अपर आयुक्त तन्मय वशिष्ठ शर्मा और जलकार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग ने जलापूर्ति के समय मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निगम की टीम ने क्षेत्र के मकान नंबर 129, 127, 118, 117, 115, 109, 100, 34, 33, 15 और 02 से पेयजल के कुल 11 सैंपल एकत्र किए। इन सभी नमूनों को सूक्ष्म और रासायनिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।

तीन दिनों के भीतर एकत्र किए गए कुल 42 नमूने
Bhopal नगर निगम अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, वैशाली नगर में पानी की गुणवत्ता परखने का अभियान पिछले तीन दिनों से लगातार चल रहा है। टीम ने शनिवार को 15 और रविवार को 16 सैंपल लिए थे, जबकि सोमवार को 11 नए नमूने जुटाए गए। इस तरह अब तक कुल 42 सैंपल जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं। प्रारंभिक भौतिक जांच के दौरान पानी में किसी प्रकार की दुर्गंध नहीं पाई गई और इसमें पर्याप्त मात्रा में रेसीड्यूल क्लोरीन (अवशिष्ट क्लोरीन) मौजूद होने की पुष्टि हुई है।

रहवासियों से सीधा संवाद कर लिया फीडबैक
Bhopal निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने कॉलोनी के रहवासियों से सीधा संवाद किया और पेयजल की स्थिति के बारे में फीडबैक लिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि वर्तमान में उनके घरों में स्वच्छ पानी की आपूर्ति हो रही है। अधिकारियों ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि इलाके में पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच जारी रहेगी और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल समाधान किया जाएगा। अपर आयुक्त ने विभागीय अमले को निर्देशित किया है कि वे नियमित अंतराल पर सैंपलिंग करें ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
ये भी पढ़े: कांकेर पुलिस का सराहनीय कदम: छात्राओं को दिए गुड टच-बैड टच और आत्मरक्षा के गुर, हर मुश्किल में मदद का भरोसा

