CM Mohan Yadav:मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता को लेकर की गई एक विवादित टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने रविवार को कांग्रेस नेतृत्व के इस बयान की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि राजनीतिक स्वार्थ के लिए दिवंगत परिजनों को राजनीति में घसीटना बेहद शर्मनाक और दुर्भाग्यपूर्ण है।
राजनीति में भाषा और व्यवहार की गरिमा जरूरी: सीएम मोहन यादव
CM Mohan Yadav:मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कड़े शब्दों में आपत्ति जताते हुए कहा कि लोकतांत्रिक राजनीति में विचारों का मतभेद होना आम बात है, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा और आचरण की मर्यादा बनाए रखना बेहद आवश्यक है। उन्होंने जोर देकर कहा कि राजनीतिक विरोध के दौरान भी शालीनता और सम्मान का स्तर नहीं गिरना चाहिए। सीएम ने कहा कि कांग्रेस का ऐसा गैर-जिम्मेदाराना आचरण देश की जनता देख रही है और जनता इस तरह की ओछी राजनीति को कभी माफ नहीं करेगी।
क्या था पूरा विवाद? पटना में खरगे का बयान और हंगामा
CM Mohan Yadav:यह पूरा विवाद रविवार को पटना में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के एक संबोधन के दौरान सामने आया। खरगे अपनी स्पीच दे रहे थे, तभी भीड़ में से एक युवक ने टोकते हुए कह दिया कि “मोदी नहीं जाएगा।” इस पर भड़कते हुए कांग्रेस अध्यक्ष ने मंच से विवादित टिप्पणी करते हुए कह दिया, “मोदी का बाप भी जाएगा।” खरगे ने आगे यह भी आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री को झूठ बोलने की आदत है।
युवक की पिटाई और कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज
CM Mohan Yadav:सभा के दौरान जैसे ही उस युवक ने “मोदी नहीं जाएगा” कहा, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तुरंत उस पर अपना गुस्सा निकाला। कार्यकर्ताओं ने युवक की पिटाई कर दी और उसे धक्का देते हुए हॉल से बाहर खदेड़ दिया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद मामला काफी गरमा गया है। बीजेपी के प्रदेश कार्य समिति सदस्य कृष्णा सिंह कल्लू ने पटना के कोतवाली थाने पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इस विवाद के बाद से राजनीतिक गलियारों में घमासान मचा हुआ है।

