रिपोर्टर: नरेन्द्र तिवारी
Shivpuri : मध्य प्रदेश के शिवपुरी में मनचलों के हौसले पस्त होने का नाम नहीं ले रहे हैं। पुरानी शिवपुरी इलाके में अपनी सहेली के घर पढ़ने जा रही एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ कार सवार चार युवकों ने सरेराह अभद्रता और मारपीट की। आरोपियों ने न केवल छात्रा का पीछा किया, बल्कि स्कूटी में कट मारने का विरोध करने पर उसकी चोटी पकड़कर बेरहमी से पीटा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की है।
सहेली के घर जाते समय कार सवारों ने किया पीछा
Shivpuri घटना उस समय की है जब नाबालिग छात्रा अपनी स्कूटी पर सवार होकर सहेली के घर पढ़ाई करने जा रही थी। सिद्धेश्वर मेला ग्राउंड की ओर से आ रही एक कार में सवार चार युवकों ने छात्रा को निशाना बनाया। आरोप है कि कार सवार लगातार तेज हॉर्न बजाकर छात्रा को परेशान कर रहे थे और उस पर अश्लील टिप्पणियां कस रहे थे। मनचलों की इस हरकत से छात्रा काफी असहज हो गई, लेकिन वे लगातार उसका पीछा करते रहे।
विष्णु मंदिर के पास कट मारने पर विवाद, छात्रा को चोटी पकड़कर पीटा
Shivpuri जब छात्रा विष्णु मंदिर के पास पहुंची, तो कार सवारों ने अचानक उसकी स्कूटी में खतरनाक तरीके से कट मार दिया। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए गाड़ी रोककर उनकी इस खतरनाक हरकत का विरोध किया। इस पर गुस्साए चारों युवक कार से नीचे उतरे और छात्रा के साथ सरेराह मारपीट करने लगे। आरोपियों ने छात्रा की चोटी पकड़कर उसे पीटा और जब उसकी सहेली ने बचाने का प्रयास किया, तो उसके साथ भी हाथापाई और झूमाझटकी की गई।
स्थानीय लोगों ने एक आरोपी को दबोचा, तीन अन्य की तलाश तेज
Shivpuri सरेराह हो रहे इस हंगामे को देखकर आसपास मौजूद लोग तुरंत हरकत में आए और घेराबंदी करके एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया। हालांकि, मौका पाकर उसके तीन अन्य साथी कार लेकर वहां से फरार होने में कामयाब रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पकड़े गए आरोपी बृजेंद्र गुर्जर को फिजिकल थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने छात्रा की शिकायत पर चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है और फरार तीन अन्य आरोपियों तथा घटना में प्रयुक्त कार की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।

