Mathura Honor Killing :उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी करने पर एक नवविवाहिता को मौत के घाट उतार दिया गया। मथुरा के गोविंदनगर थाना क्षेत्र में हुई इस ऑनर किलिंग की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है और मजिस्ट्रेट की देखरेख में कब्रिस्तान से युवती का शव बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शादी के झांसे से वापस बुलाकर की गई हत्या
Mathura Honor Killing :पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मथुरा के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ‘नई बस्ती’ की रहने वाली नाजिया नामक युवती करीब डेढ़ महीने पहले अपनी मर्जी से अपने प्रेमी रविंद्र के साथ घर से चली गई थी। दोनों ने आपसी सहमति से शादी कर ली थी और इसके बाद दिल्ली में रहने लगे थे। युवती के जाने के करीब 15 दिन बाद उसके परिजनों ने उससे संपर्क किया और यह झूठा भरोसा दिलाया कि वे लोग दोनों की धूमधाम से रीति-रिवाज के साथ शादी कराएंगे। परिजनों के इस झांसे में आकर नाजिया वापस मथुरा लौट आई, लेकिन घर लौटने पर परिजनों की नियत बदल गई। आरोप है कि नाजिया के भाई और अन्य परिजनों ने मिलकर उसकी गला दबाकर हत्या कर दी।
सबूत मिटाने के लिए चुपचाप कब्रिस्तान में दफनाया शव
Mathura Honor Killing :इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद परिवार ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से मृतका के शव को नई बस्ती स्थित कब्रिस्तान में चुपचाप दफना दिया। जब मृतका के पति रविंद्र ने नाजिया से संपर्क करने की कोशिश की, तो ससुराल वालों ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया और बातचीत पूरी तरह काट दी। कई दिनों तक कोई संपर्क न होने पर पति रविंद्र को किसी अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उसने राजस्थान में अपनी पत्नी के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए मामला दर्ज कराया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी भाई ने कबूला जुर्म
Mathura Honor Killing :मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी ने त्वरित एक्शन लिया और युवती के भाई अकरम को हिरासत में लेकर उससे कड़ाई से पूछताछ की। पुलिस के कड़े सवालों के आगे आरोपी भाई टूट गया और उसने अपनी बहन की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।
कब्रिस्तान से निकाला गया शव, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
Mathura Honor Killing :एसपी सिटी राजीव कुमार ने इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्र के आदेश पर मजिस्ट्रेट की निगरानी में कब्रिस्तान से युवती के शव को बाहर निकलवा लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दूसरी ओर, मृतका के परिजनों का दावा है कि उसकी मौत किसी गंभीर बीमारी के कारण हुई थी, लेकिन पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर गहनता से जांच कर रही है और इस अपराध में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी छानबीन जारी है।

