Bada Mangal 2026 : हिंदू धर्म में ज्येष्ठ महीने के मंगलवार को बेहद शुभ माना जाता है। इस महीने आने वाले सभी मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से संकटमोचन हनुमान जी की पूजा करने से जीवन के कष्ट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। 19 मई 2026 को तीसरा बड़ा मंगल मनाया जाएगा। ऐसे में यदि आप भी बजरंगबली की कृपा पाना चाहते हैं, तो पूजा की सही विधि और जरूरी सामग्री के बारे में जरूर जान लें।
Bada Mangal 2026 बड़ा मंगल पूजा सामग्री लिस्ट
बड़े मंगल के दिन पूजा करने के लिए इन चीजों की आवश्यकता होगी:
- हनुमान जी की मूर्ति या तस्वीर
- श्रीराम और माता सीता की तस्वीर
- लाल या पीला कपड़ा
- गंगाजल
- सिंदूर और चमेली का तेल
- तुलसी की माला
- गेंदा या गुलाब के फूल
- अक्षत (साबुत चावल)
- कलावा
- पान का बीड़ा
- धूप, दीप और कपूर
- शुद्ध घी का दीपक
- केला और अन्य फल
- बेसन के लड्डू, बूंदी या चूरमा
Bada Mangal 2026 बड़े मंगल पूजा विधि
सुबह स्नान कर व्रत का संकल्प लें: बड़े मंगल के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और साफ कपड़े पहनें। इस दिन लाल या पीले रंग के वस्त्र पहनना शुभ माना जाता है। इसके बाद व्रत और पूजा का संकल्प लें।
पूजा स्थान तैयार करें: घर के पूजा स्थल या ईशान कोण में एक चौकी रखें और उस पर लाल कपड़ा बिछाएं। फिर हनुमान जी की मूर्ति या तस्वीर स्थापित करें। साथ में भगवान श्रीराम और माता सीता की तस्वीर भी रखें।
हनुमान जी का श्रृंगार करें: गंगाजल छिड़ककर पूजा स्थल को शुद्ध करें। इसके बाद हनुमान जी को सिंदूर और चमेली के तेल का तिलक लगाएं। लाल फूल, तुलसी और कलावा अर्पित करें।
भोग लगाएं: हनुमान जी को बेसन के लड्डू, बूंदी या चूरमा का भोग लगाएं। ध्यान रखें कि भोग में तुलसी का पत्ता जरूर रखें, क्योंकि इसे शुभ माना जाता है।
मंत्र जाप और पाठ करें: पूजा के दौरान आसन पर बैठकर “ॐ हं हनुमते नमः” मंत्र का जाप करें। इसके बाद हनुमान चालीसा, बजरंग बाण या सुंदरकांड का पाठ करें।
आरती से करें पूजा का समापन: अंत में घी का दीपक या कपूर जलाकर हनुमान जी की आरती करें और परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना करें।
Bada Mangal 2026 धार्मिक मान्यता
मान्यता है कि बड़े मंगल पर श्रद्धा और नियमपूर्वक पूजा करने से भय, रोग, शत्रु बाधा और आर्थिक परेशानियां दूर होती हैं। बजरंगबली अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं।

