रिपोर्टर: दीनानाथ माऔर
Aurangabad : राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन भले ही नक्सलवाद के पूरी तरह खात्मे के दावे कर रहा हो, लेकिन औरंगाबाद के जंगलों में आज फिर एक शक्तिशाली विस्फोटक मिलने से हड़कंप मच गया है। जिले के मदनपुर प्रखंड अंतर्गत आजन थाना क्षेत्र के पचरुखिया जंगल में चलाए जा रहे विशेष तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने 2.5 किलोग्राम का एक आईईडी (IED) बम बरामद किया है। सुरक्षा के लिहाज से बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही इसे सुरक्षित तरीके से ब्लास्ट कर नष्ट कर दिया।
करिबा डोभा पहाड़ के समीप सर्च ऑपरेशन में मिली सफलता
Aurangabad जिला पुलिस बल और सीआरपीएफ (CRPF) बटालियन के जवानों द्वारा चलाए जा रहे संयुक्त एंटी-नक्सल अभियान के दौरान पचरुखिया जंगल से दक्षिण दिशा में करिबा डोभा पहाड़ के पास यह कामयाबी मिली। सर्चिंग टीम को झाड़ियों के बीच संदिग्ध विस्फोटक सामग्री दिखाई दी, जिसके बाद तुरंत पूरे इलाके की घेराबंदी कर सुरक्षा तंत्र को अलर्ट किया गया।
बम निरोधक दस्ते ने जंगल में ही आईईडी को किया विस्फोट कर नष्ट
Aurangabad बरामद आईईडी का वजन लगभग ढाई किलो था। इसके मिलते ही मौके पर पहुंचे बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) ने पूरी सतर्कता और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए जंगल में ही धमाका कराकर उसे निष्क्रिय कर दिया। समय रहते विस्फोटक की बरामदगी से किसी बड़ी अनहोनी या साजिश को नाकाम कर दिया गया है।
नक्सली गतिविधियों पर कसता शिकंजा, सर्च अभियान रहेगा जारी
Aurangabad घटना की पुष्टि करते हुए आजन थाना प्रमुख राहुल कुमार ने बताया कि औरंगाबाद एसपी के दिशा-निर्देशन में नक्सली गतिविधियों को पूरी तरह समाप्त करने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरक्षाबलों की गश्त जारी रहेगी ताकि असामाजिक व उग्रवादी तत्वों के नापाक मंसूबों को समय पर ध्वस्त किया जा सके।

