रिपोर्टर: गनेश सिंह
Amarnath Yatra First Batch Departs : आराध्य देव भगवान शिव के दर्शन के लिए देश के कोने-कोने से आए श्रद्धालुओं के उत्साह के साथ वार्षिक अमरनाथ यात्रा का विधिवत श्रीगणेश हो गया है। जम्मू, श्रीनगर, बालटाल और पहलगाम के आधार शिविरों में शिवभक्तों का भारी सैलाब उमड़ा हुआ है। वीरवार तड़के जम्मू के आधार शिविर से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को पूरे विधि-विधान और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना किया गया।


Amarnath Yatra First Batch Departs उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने की पूजा-अर्चना
वीरवार की अलसुबह लगभग चार बजे जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विशेष पूजा-अर्चना और आरती के बाद तीर्थयात्रियों के पहले काफिले को बालटाल और पहलगाम के लिए हरी झंडी दिखाई। ये श्रद्धालु शुक्रवार सुबह पवित्र अमरनाथ गुफा की ओर अपनी आगे की पैदल यात्रा शुरू करेंगे। इसी के साथ इस वर्ष आयोजित होने वाली 57 दिवसीय पवित्र अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई है। जत्थों की सुगम आवाजाही के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़ने वाले संपर्क मार्गों पर सामान्य यातायात को अस्थायी रूप से रोकने की व्यवस्था की गई है।

Amarnath Yatra First Batch Departs चाक-चौबंद सुरक्षा और व्यापक प्रशासनिक व्यवस्थाएं
यात्रा को सुरक्षित और सुखद बनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम किए हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने वरिष्ठ पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भगवती नगर स्थित मुख्य यात्री निवास आधार शिविर का व्यक्तिगत रूप से दौरा किया। इस दौरान उन्होंने:

- सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी निगरानी
- श्रद्धालुओं के बायोमेट्रिक पंजीकरण और तत्काल रजिस्ट्रेशन काउंटर
- स्वास्थ्य सुविधाएं, एम्बुलेंस और आपातकालीन सेवाएं
- स्वच्छ पेयजल, स्वच्छता (Sanitation) और चौबीसों घंटे चलने वाले विशाल लंगर इत्यादि सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया और वहां मौजूद श्रद्धालुओं से बातचीत कर फीडबैक भी लिया।
Amarnath Yatra First Batch Departs बम-बम भोले के जयघोष से गूंजा पूरा परिसर
आधार शिविरों में सुरक्षा बलों की मुस्तैदी के बीच माहौल पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप और शिव भजनों पर झूमते नजर आ रहे हैं। पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ और ‘बाबा बर्फानी ने बुलाया है’ के गगनभेदी जयघोष से गुंजायमान है।

प्रशासनिक आंकड़ों के अनुसार, श्रीनगर, बालटाल और पहलगाम के नुनवान कैंपों में पहले ही हजारों श्रद्धालु पहुंच चुके हैं, जिनके ठहरने के लिए अत्याधुनिक टेंट सिटी विकसित की गई है। इसके अलावा, श्रीनगर एयरपोर्ट से पंथाचौक तक यात्रियों की सुविधा हेतु 131 हेल्प काउंटर और 40 से अधिक तत्काल पंजीकरण केंद्र क्रियाशील किए गए हैं।

