रिपोर्टर: अरमान कुरैशी
Budgam : जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा का एक शीर्ष पाकिस्तानी कमांडर मारा गया है। बडगाम के यूसमर्ग इलाके के ऊपरी हिस्सों में हुई इस कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने लश्कर कमांडर को ढेर कर दिया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इस घटनाक्रम को क्षेत्र में आतंकवाद के खिलाफ एक बड़ी सफलता के रूप में देख रही हैं।
‘ऑपरेशन अशदार’ के तहत घेराबंदी और मुठभेड़
Budgam यूसमर्ग के पहाड़ी इलाकों में आतंकियों की मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद भारतीय सेना की 53 राष्ट्रीय राइफल्स, स्पेशल फोर्सेज और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से ‘ऑपरेशन अशदार’ की शुरुआत की। सुरक्षा बलों द्वारा क्षेत्र को चारों तरफ से घेरने के बाद तलाशी अभियान चलाया गया। खुद को घिरता देख आतंकी ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में वह मारा गया।
सुलेमान मूसा ग्रुप से अलग होकर संचालित कर रहा था नेटवर्क
Budgam पुलिस के अनुसार, मारा गया आतंकवादी यासिर मूल रूप से पाकिस्तान का निवासी था और लश्कर-ए-तैयबा के सुलेमान मूसा ग्रुप से जुड़ा हुआ था। लगभग एक साल पहले वह इस समूह से अलग होकर स्वतंत्र रूप से गतिविधियों को अंजाम दे रहा था और बडगाम क्षेत्र में लश्कर के एक प्रमुख ऑपरेटिव के रूप में उभर रहा था। सुरक्षा बल पिछले काफी समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे।
नेटवर्क और हालिया आतंकी गतिविधियों की जांच शुरू
Budgam मुठभेड़ के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने यासिर के स्थानीय नेटवर्क और अन्य लश्कर ऑपरेटिव्स के साथ उसके संबंधों की गहन जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा, अधिकारी इस बात की भी पड़ताल कर रहे हैं कि क्या यासिर क्षेत्र में हाल ही में हुई अन्य आतंकवादी घटनाओं या साजिशों में सीधे तौर पर शामिल था। पूरे जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन और सतर्कता बढ़ा दी है।
ये भी पढ़े: जामताड़ा में पुलिस का बड़ा एक्शन: चरकापहाड़ी मोड़ से दो साइबर अपराधी गिरफ्तार

