
नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर गंभीर आरोप लगाते हुए हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपने एक पुराने पोस्ट को फिर से साझा करते हुए दावा किया कि सरकार ने सैन्य कार्रवाई की शुरुआत में ही पाकिस्तान को इसकी सूचना दे दी थी, जिसे उन्होंने एक “गंभीर अपराध” करार दिया।
राहुल गांधी के गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा कि इस फैसले के कारण देश को हवाई हमलों में नुकसान उठाना पड़ा और भारतीय वायुसेना के विमान भी खोने पड़े। उन्होंने लिखा, “विदेश मंत्री जयशंकर की चुप्पी सिर्फ बयानबाजी नहीं है, यह निंदनीय है। इसलिए मैं फिर से पूछूंगा – हमने कितने भारतीय विमान खोए क्योंकि पाकिस्तान को पहले ही पता था? यह कोई चूक नहीं थी, यह एक अपराध था, और देश को सच्चाई जानने का हक है।”
राहुल गांधी ने अपने आरोपों के समर्थन में एक वीडियो क्लिप भी साझा की, जिसमें उनके अनुसार, विदेश मंत्री जयशंकर यह स्वीकार करते दिख रहे हैं कि भारत सरकार ने ऑपरेशन के पहले चरण में ही पाकिस्तान को इसकी सूचना दी थी। इसी आधार पर उन्होंने सवाल उठाए कि ऐसा किसके आदेश पर हुआ और इससे देश को क्या नुकसान हुआ।
भाजपा का पलटवार: “जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास”
राहुल गांधी के इन आरोपों पर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने राहुल गांधी के बयान को “जानबूझकर किया गया भ्रम फैलाने का प्रयास” बताया। उन्होंने कहा कि “राहुल गांधी की मूर्खता महज संयोग नहीं है – यह भयावह है। वे पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं।”
मालवीय ने भारत के हित में और विपक्ष के नेता की मंशा को उजागर करने के लिए डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई का दिनांक 11.05.2025 का बयान पुनः पोस्ट किया। इस बयान में घई ने कहा था: “…यद्यपि हमने ऑपरेशन सिंदूर के तत्काल बाद अपने समकक्ष से संपर्क करने तथा आतंक के केंद्र पर प्रहार करने की अपनी मजबूरियों के बारे में बताने का प्रयास किया था, लेकिन इस अनुरोध को यह कहते हुए ठुकरा दिया गया कि कठोर प्रतिक्रिया अपरिहार्य है तथा निकट भविष्य में भी होगी। हम निश्चित रूप से तैयार थे…”
अमित मालवीय ने जोर देकर कहा कि यह बयान विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के बयान से पूरी तरह मेल खाता है कि भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के शुरुआती चरण के दौरान पाकिस्तान को चेतावनी जारी की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अब इसे जानबूझकर गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहे हैं, जैसे कि चेतावनी ऑपरेशन शुरू होने से पहले दी गई थी। मालवीय ने राहुल गांधी को तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश करने से बचने की सलाह दी और कहा कि भारत जानता है कि वे वास्तव में किसके लिए बोलते हैं।
यह पूरा घटनाक्रम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ से जुड़ी जानकारी साझा करने के समय और उसकी प्रासंगिकता को लेकर राजनीतिक गलियारों में गरमा-गरमी पैदा कर रहा है।
