रिपोर्टर: प्रताप सिंह बघेल
Morena : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। भारी मात्रा में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक शातिर बंदी जिला अस्पताल के कैदी वार्ड से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की बड़ी लापरवाही सामने आई है।
नूराबाद पुलिस ने पकड़ा था भारी जखीरा
Morena बीती 2 नवंबर को नूराबाद पुलिस ने मुखबिर की खास सूचना पर कार्रवाई करते हुए टेकरी स्थित फायरिंग रेंज के पास से आरोपी जसवीर सिंह बग्घा (निवासी पंजाब) को गिरफ्तार किया था। आरोपी शिवपुरी की तरफ से एक एक्सयूवी (XUV-500) कार में 232 किलो डोडा-चूरा भरकर आगरा की ओर ले जा रहा था। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त सामग्री और वाहन को जब्त कर आरोपी को 5 नवंबर को जेल भेज दिया था।
तबियत बिगड़ने पर कराया गया था भर्ती
Morena जेल पहुंचने के बाद आरोपी को लगातार दस्त की समस्या हो रही थी, क्योंकि वह नशे का आदी बताया जा रहा है। स्वास्थ्य ज्यादा खराब होने पर जेल प्रशासन ने 6 नवंबर की रात करीब 12 बजे उसे इलाज के लिए मुरैना जिला अस्पताल के कैदी वार्ड में भर्ती कराया था। यहां उसका इलाज चल रहा था और सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात किया गया था।
सुरक्षा में सेंध और पुलिस की लापरवाही
Morena इलाज के दौरान बीती रात बंदी जसवीर सिंह मौका पाकर कैदी वार्ड की कुंडी खोलकर आसानी से फरार हो गया। सबसे बड़ा चौंकाने वाला पहलू यह है कि जिस वक्त कैदी फरार हो रहा था, उस दौरान सुरक्षा में तैनात पुलिस जवान गहरी नींद में सो रहे थे। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई इस घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस कर्मियों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस अब फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।
ये भी पढे: ग्वालियर में सरेराह गुंडागर्दी: चेतकपुरी चौराहे पर कार में तोड़फोड़, आरोपियों की तलाश तेज

