Bhilwara Panchayat Election:भीलवाड़ा जिले में हाल ही में संपन्न हुए पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के परिणामों ने सबको चौंका दिया है। सोशल मीडिया पर करोड़ों फॉलोअर्स वाले मशहूर इन्फ्लुएंसर पवन साहू की पत्नी कोमल साहू को शाहपुरा तहसील की फूलिया कलां ग्राम पंचायत से सरपंच पद के चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। इस चुनाव परिणाम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वर्चुअल दुनिया की लोकप्रियता और जमीनी हकीकत में काफी अंतर होता है।
भगवती लाल सोनी ने दर्ज की जीत, कोमल साहू को मिले 277 वोट
Bhilwara Panchayat Election:भीलवाड़ा जिले की 185 ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर शुक्रवार को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हुआ था, जिसके नतीजे शनिवार सुबह घोषित किए गए।
फुलिया कलां ग्राम पंचायत से सरपंच पद के लिए उतरीं कोमल साहू को कुल 277 वोट ही मिल सके, जिसके चलते उन्हें तीसरे स्थान से संतोष करना पड़ा। वहीं, इस मुकाबले में भगवती लाल सोनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1203 मत हासिल किए और सरपंच पद पर जीत दर्ज की। उनके अलावा, कालूराम जाट 797 वोट पाकर दूसरे स्थान पर रहे।
करोड़ों फॉलोअर्स होने के बावजूद मतपेटी में नहीं बदले वोट
Bhilwara Panchayat Election:फुलिया कलां के रहने वाले लोकप्रिय सोशल मीडिया क्रिएटर पवन साहू की फैन फॉलोइंग काफी जबरदस्त है। उनके यूट्यूब पर करीब 2.77 करोड़, इंस्टाग्राम पर 70 लाख और फेसबुक पर 30 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जाते हैं।
पत्नी के चुनाव प्रचार के लिए राजस्थान के कई बड़े सोशल इन्फ्लुएंसर्स ने भी वीडियो जारी कर समर्थन की अपील की थी। इसके अलावा, पवन साहू ने अपने क्षेत्र में हैंडपंप व ट्यूबवेल लगवाने और जरूरतमंदों के घर बनवाने में आर्थिक मदद जैसे कई सामाजिक कार्य भी किए थे। हालांकि, यह तमाम प्रयास और ऑनलाइन लोकप्रियता मतदाताओं को मतदान केंद्र तक लाकर वोटों में तब्दील करने में नाकामयाब रहे।
वर्चुअल लोकप्रियता बनाम ज़मीनी जनसमर्थन की बहस
Bhilwara Panchayat Election:इस चुनावी नतीजे ने राजनीतिक और सोशल मीडिया गलियारों में एक नई चर्चा छेड़ दी है। यह परिणाम साफ दर्शाता है कि इंटरनेट पर लाखों-करोड़ों फॉलोअर्स होना और जमीनी स्तर पर आम जनता का अटूट विश्वास जीतना दोनों बिल्कुल अलग चीजें हैं। चुनाव के मैदान में उतरने पर केवल डिजिटल पॉपुलैरिटी काम नहीं आती, बल्कि जनता के साथ सीधा जुड़ाव और स्थानीय समीकरण ही जीत तय करते हैं।
read this:- जामताड़ा में भाजपा महिला मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सीमा सिंह ने हेमंत सरकार को घेरा

