SupaulSupaul
Spread the love

रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर

Supaul : बिहार के सुपौल जिले से शिक्षा विभाग को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। उत्क्रमित मध्य विद्यालय जीवछपुर (बालक) में पदस्थापित विशिष्ट शिक्षक अजीत कुमार का कक्षा के दौरान कुर्सी पर पैर रखकर सोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। मामले का संज्ञान लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोषी शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

क्लासरूम में पैर फैलाकर सोने का वीडियो हुआ था वायरल

Supaul मिली जानकारी के अनुसार, सुपौल प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय जीवछपुर में पदस्थापित शिक्षक अजीत कुमार स्कूल अवधि के दौरान बच्चों को पढ़ाने के बजाय जींस पहनकर कुर्सी पर पैर फैलाकर आराम से सोते हुए पाए गए। किसी ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया और शिक्षा व्यवस्था की कलई खोल दी।

जांच में दोषी पाए जाने के बाद DEO की कड़ी कार्रवाई

Supaul प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी की जांच रिपोर्ट में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया कि शिक्षण कार्य के समय सोना छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही और ‘सरकारी सेवक आचार नियमावली’ के नियमों का उल्लंघन मानते हुए बिहार विद्यालय विशिष्ट शिक्षक संशोधित नियमावली, 2024 के तहत निलंबन की कार्रवाई की गई है।

मरौना प्रखंड में तय किया गया नया मुख्यालय, जारी होगा आरोप पत्र

Supaul निलंबन की अवधि के दौरान शिक्षक अजीत कुमार का मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, मरौना का कार्यालय निर्धारित किया गया है। नियमानुसार, इस अवधि में उन्हें केवल जीवन निर्वाह भत्ता ही देय होगा। विभाग की ओर से शिक्षक के खिलाफ विभागीय जांच के लिए अलग से आरोप पत्र गठित कर भेजा जाएगा। इस सख्त कदम के बाद से जिले के अन्य लापरवाह शिक्षकों में हड़कंप मच गया है।

ये भी पढ़े: राजस्थान के 5 दिग्गज पैरा खिलाड़ियों का सरकार को अल्टीमेटम: 10 दिन में सेवा स्थायी न होने पर लौटाएंगे पदक