Bahraich chain snatching encounter:बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र स्थित लखनऊ हाईवे पर एक ई-रिक्शा में सफर कर रही महिला से हुई चेन लूट की वारदात का पुलिस ने महज 72 घंटों के भीतर सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें से एक आरोपी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया है।
सीसीटीवी और सर्विलांस से खुला राज
Bahraich chain snatching encounter:पुलिस अधीक्षक द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 23 सितंबर को दोपहर करीब 12 बजे की है, जब फखरपुर इलाके में लखनऊ हाईवे पर ई-रिक्शा से जा रही महिला को बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना बनाया और उसकी चेन छीनकर फरार हो गए। इस सनसनीखेज मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने तत्काल प्रभाव से तीन विशेष टीमों का गठन किया था।
जांच के दौरान पुलिस को एक अहम सुराग मिला। घटना स्थल से कुछ ही आगे ट्रैफिक विभाग की इंटरसेप्टर मोबाइल टीम स्पीड चालान कर रही थी, जिसके कैमरों में दोनों संदिग्ध आरोपी कैद हो गए थे। इसी तस्वीर और सर्विलांस की तकनीकी मदद से आरोपियों की पहचान सलमान और उसके भाई के रूप में हुई। ये दोनों मूल रूप से कोतवाली देहात क्षेत्र के रहने वाले हैं और वर्तमान में कोतवाली शहर इलाके में किराए का कमरा लेकर आपराधिक वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, अवैध हथियार बरामद
Bahraich chain snatching encounter:फखरपुर थाना प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों शातिर अपराधी गांधी घाट चौकी क्षेत्र के आसपास देखे गए हैं। इस सूचना के आधार पर एसओजी टीम और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में वहां से गुजर रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया।
पुलिस को देखकर बदमाशों ने सुरक्षाकर्मियों पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस बल ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने पीछा कर धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, महिला से लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त चोरी की मोटरसाइकिल, कुछ नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घायल बदमाश को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, इन दोनों शातिर अपराधियों पर गोंडा समेत अन्य जिलों में लूट और चोरी के करीब 8 से 9 संगीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

