बिहार में पूर्ण शराबबंदी के सख्त नियमों के बावजूद तस्करों द्वारा नए-नए हथकंडे अपनाने के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला मुजफ्फरपुर जिले का है, जहां उत्पाद विभाग की टीम ने मैथी टोल प्लाजा के पास एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान नंबर के कंटेनर से पंजाब निर्मित अवैध शराब के 375 कार्टन बरामद किए हैं। इस दौरान पुलिस ने हरियाणा के रहने वाले चालक और कंडक्टर को भी धर दबोचा है।
स्कैनर से बचने के लिए कंटेनर में लगाई गई थीं लोहे की चादरें
उत्पाद विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पुलिस और जांच एजेंसियों की आंखों में धूल झोंकने के लिए तस्करों ने बेहद शातिर तरीका अपनाया था। कंटेनर के पिछले हिस्से में दोनों तरफ मोटी लोहे की चादरें वेल्डिंग करके एक विशेष गुप्त केबिन बनाया गया था, ताकि सीमावर्ती जांच चौकियों पर हैंड स्कैनर मशीनों से चेकिंग के दौरान अंदर छिपाई गई शराब पकड़ में न आ सके। शराब के इन कार्टनों को ऊपर से खाली कैरेटों की आड़ में इस तरह छिपाया गया था कि वाहन की आवाजाही के दौरान किसी भी प्रकार की आवाज या शक न हो सके।
टोल प्लाजा के पास संदिग्ध हालत में खड़ा था कंटेनर
गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम को इनपुट मिला था कि पंजाब के रास्ते भारी मात्रा में शराब की खेप उत्तर प्रदेश के बलिया, सिवान और छपरा के रास्ते मुजफ्फरपुर लाई जा रही है। इसी सूचना पर कार्रवाई करते हुए एएसआई रंजन कुमार सिंह और अजीत कुमार की टीम ने मैथी टोल प्लाजा के समीप घेराबंदी की। जांच के दौरान एक कंटेनर टोल से करीब 100 मीटर पहले खड़ा मिला, जिसका चालक लगातार फोन पर किसी के आने का इंतजार कर रहा था। संदेह होने पर जब टीम ने वाहन की सघन तलाशी ली, तो उसमें छिपाकर रखी गई अवैध शराब का यह बड़ा जखीरा मिला।
स्थानीय तस्करों को होनी थी डिलीवरी, उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
उत्पाद इंस्पेक्टर प्रकाश कुमार राम ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि इस अवैध खेप की डिलीवरी रात के वक्त स्थानीय स्तर पर किसी सिंडिकेट को की जानी थी। चालक को दिनभर वाहन को उसी स्थान पर खड़ा रखने के निर्देश मिले थे। इस कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय तस्करों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। उत्पाद विभाग ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों (चालक कुलदीप और कंडक्टर रामचरण) के खिलाफ सुसंगत उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
