रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Gondia : महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश सीमा को जोड़ने वाले गोंदिया-बालाघाट राज्य राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। गोंदिया ग्रामीण थाना क्षेत्र के नागरा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने मजदूरों से भरी बोलेरो गाड़ी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भयावह था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
रोजगार की तलाश में निकला परिवार बना हादसे का शिकार
Gondia पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले (किरनापुर और लांजी तहसील) के विभिन्न गांवों से मजदूर अपने परिवारों के साथ काम की तलाश में तेलंगाना (हैदराबाद) जा रहे थे। वे बोलेरो गाड़ी (MP-15 T 3495) में सवार थे। रात लगभग 11:30 बजे जैसे ही उनकी गाड़ी गोंदिया शहर से करीब 5 किलोमीटर दूर नागरा के पास पहुंची, सामने से आ रहे बेकाबू ट्रक (MH-35 AJ-2547) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन साल के एक मासूम बच्चे सहित छह लोगों की मौत हो गई।
गैस कटर से मलबे को काटकर निकाले गए शव
Gondia टक्कर की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। बोलेरो पूरी तरह से चकनाचूर हो चुकी थी, जिससे शव और घायल वाहन के भीतर ही फंस गए थे। गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। स्थिति इतनी गंभीर थी कि फंसे हुए लोगों और शवों को बाहर निकालने के लिए गैस कटर का सहारा लेना पड़ा। सभी घायलों को तुरंत पास के जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां छह लोगों को मृत घोषित कर दिया गया।
ट्रक ड्राइवर पर मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
Gondia गंभीर रूप से घायल राजेंद्र शिवचरण पंधारे के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी ट्रक चालक मोहसिन खान (32 वर्ष, निवासी गोंदिया) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। गोंदिया ग्रामीण पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के निर्देशन में महिला सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम मामले की आगे की जांच कर रही हैं।
ये भी पढ़े: पीएम मोदी के जन्मदिन पर भाजपा का ‘सेवा संकल्प अभियान’, जामताड़ा में एक महीने तक चलेंगे कई जनसेवा कार्यक्रम

