रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्तव
Jamshedpur : सोनारी स्थित नारायणी धाम (प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर) में श्री नारायणी सेवा ट्रस्ट की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व अपार श्रद्धा और धूमधाम के साथ आयोजित किया गया। बाबा श्याम के दरबार में बाल गोपाल के झूले को आकर्षक रोशनियों और रंग-बिरंगे फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। मध्यरात्रि ठीक 12 बजे कन्हैया के जन्म लेते ही पूरा मंदिर परिसर ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयघोष से गूंज उठा।

‘सजा कर लाओ, उपहार पाओ’ प्रतियोगिता में शामिल हुए नन्हे बाल-गोपाल
Jamshedpur जन्मोत्सव कार्यक्रम की शुरुआत शाम 8 बजे 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए आयोजित विशेष प्रतियोगिता से हुई। इसमें शहर के नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और श्रीराधा रानी के मनमोहक स्वरूप धारण कर पहुंचे। मंदिर समिति द्वारा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बाल स्वरूपों को उपहार देकर पुरस्कृत किया गया।
भजनों की भक्तिमय प्रस्तुतियां और भगवान का महाअभिषेक
Jamshedpur रात्रि 8:30 बजे से गायिका ट्विंकल साहू ने अपनी सुरीली आवाज में भजनों की शृंखला पेश की। ‘नंद के आनंद भयो’, ‘अच्युतं केशवं’ और ‘छोटी-छोटी गैयां छोटे-छोटे ग्वाल’ जैसे भजनों की स्वर लहरी पर श्रद्धालु देर रात तक थिरकते रहे। इसके उपरांत रात्रि 10 बजे पूर्ण वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण का महाअभिषेक संपन्न कराया गया।
मध्यरात्रि में महाआरती और चरणामृत प्रसाद का वितरण
Jamshedpur रात ठीक 12 बजे भगवान के अवतरण के साथ जन्मोत्सव की मुख्य आरती की गई। महाआरती के बाद उपस्थित सभी भक्तों के बीच चरणामृत और महाप्रसाद का वितरण हुआ। इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में किरण कांवटिया, कृष्णा संघी, मीना सरायवाला, स्नेहा चंदूका, लता सरायवाला, रिंकी भालोटिया, नेहा सोंथालिया, हेमा मोदी, राजकुमार चंदूका, राजकुमार संघी, कैलाश सरायवाला तथा ललित सरायवाला समेत ट्रस्ट के सदस्यों की मुख्य भूमिका रही।
ये भी पढ़े: शेखपुरा: संत कोलंबस पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, छात्रों ने पेश किए सांस्कृतिक कार्यक्रम

