रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Barwani : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले अंतर्गत पानसेमल स्थिति गर्ल्स एजुकेशन कॉम्प्लेक्स में 9वीं कक्षा की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने सेंधवा-खेतिया स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर विरोध-प्रदर्शन किया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर साक्ष्य छुपाने तथा हॉस्टल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला शव, सूचना देने में देरी का आरोप
Barwani परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे छात्रा का शव हॉस्टल के कमरे में पंखे से लटका मिला था। हालांकि, परिवार का दावा है कि उन्हें इस घटना की जानकारी करीब दो घंटे बाद (शाम 5:30 बजे) दी गई। जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि सूचना में देरी से मामला संदिग्ध प्रतीत होता है।
पुलिस पर साक्ष्य सुरक्षित न रखने और लापरवाही के आरोप
Barwani मृतका के परिजनों का कहना है कि घटना के बाद पुलिस ने क्राइम सीन को सील नहीं किया। जब वे हॉस्टल पहुंचे तो कमरा खुला था, पंखा चल रहा था और अंदर अन्य छात्राएं बैठी थीं। छात्रा के पिता ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस की इस लापरवाही से महत्वपूर्ण सबूत नष्ट हो सकते हैं, इसलिए हॉस्टल स्टाफ की भूमिका की बारीकी से जांच होनी चाहिए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सामने आएगी सच्चाई, हाईवे पर ट्रैफिक बाधित
Barwani घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा सेंधवा-खेतिया स्टेट हाईवे पर लगाए गए जाम से काफी देर तक यातायात बाधित रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से तफ्तीश की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।
ये भी पढ़े: शेखपुरा: घाट कुसुम्भा टाल क्षेत्र में हरोहर नदी का तांडव, सहारा और बटौरा गांव में घुसा बाढ़ का पानी

