Spread the love

सासाराम में लगातार हो रही झमाझम बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है, जिससे स्थिति बाढ़ जैसी प्रतीत होने लगी है। सड़कों और गलियों में पानी भर जाने के कारण स्कूली बच्चों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बच्चे घुटने भर गंदे पानी से होकर स्कूल आने-जाने को विवश हैं, जिससे उनके कपड़े और स्कूल ड्रेस भी खराब हो रहे हैं। पानी से लबालब सड़कों पर इस तरह सफर करना बच्चों की सुरक्षा के लिए भी बड़ा खतरा बना हुआ है।

तस्वीरें सासाराम के मध्य विद्यालय गुरमुख क्षेत्र की हैं, जहां शहरी इलाके में जलजमाव की ऐसी बानगी साफ देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन दिनों पूरा सासाराम जलमग्न नजर आ रहा है और लगातार बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इस समस्या के पीछे मुख्य वजह यह है कि कैमूर की पहाड़ियों पर होने वाली भारी बारिश का पानी उतरकर सीधे मैदानी शहरी क्षेत्रों में आ जाता है, जिससे निच वाले इलाकों में जलभराव की यह विकट स्थिति पैदा हो जाती है।