उज्जैन। सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत शहर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान केडी गेट क्षेत्र में मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। प्रशासन और नगर निगम की टीम मदीना मस्जिद के सड़क चौड़ीकरण की निर्धारित सीमा में आ रहे हिस्से को हटाने पहुंची थी। कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर मौजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध जताया।
एंकर— जेसीबी और पोकलेन मशीनों से काम शुरू होने के बाद प्रदर्शन कर रहे लोगों की पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से बहस हुई। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में महिला और पुरुष भी वहां पहुंच गए।
विरोध कर रहे लोगों ने केडी गेट चौराहे पर धरना शुरू कर दिया। इसी दौरान मस्जिद में अजान होने के बाद धरने पर बैठे कई लोग मस्जिद के अंदर जाकर बैठ गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर माहौल को शांत रखने का प्रयास किया।
निर्धारित सीमा में आने वाले हिस्से पर कार्रवाई
स्थिति नियंत्रित होने के बाद नगर निगम की टीम ने सड़क चौड़ीकरण की तय सीमा में आने वाले प्रभावित निर्माण हिस्से को हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई। बताया जा रहा है कि गाड़ी अड्डा चौराहा से केडी गेट होते हुए सोमवरिया तक करीब 2.2 किलोमीटर लंबे मार्ग को 18 मीटर चौड़ा करने की योजना है। इसी प्रस्तावित मार्ग की सीमा में आने वाले निर्माणों को हटाया जा रहा है।
मदीना मस्जिद के प्रभावित हिस्से के अलावा दाऊदी बोहरा जमात की दाऊल इमारत के सड़क चौड़ीकरण की जद में आए हिस्से पर भी कार्रवाई की गई। पूरी प्रक्रिया अधिकारियों की निगरानी और पुलिस की मौजूदगी में कराई गई।
सिंहस्थ-2028 को देखते हुए सड़क विस्तार
प्रशासन के अनुसार सड़क चौड़ीकरण का उद्देश्य क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर करना है। सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में श्रद्धालुओं और वाहनों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क विस्तार का काम किया जा रहा है।
फिलहाल क्षेत्र में पुलिस बल तैनात है और प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे।
