चित्रकूट में मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद बाढ़ की स्थिति ने भयावह रूप ले लिया। इसी बीच मंदाकिनी नदी के प्रमोद वन घाट का बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज बहाव के बीच एक नाविक अपनी नाव समेत पानी में बहता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि बाढ़ के तेज प्रवाह में नाविक अचानक नदी की धारा की चपेट में आ गया। उसे बहता देख आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग नाविक को बचाने के लिए आवाज लगाते रहे और मदद की गुहार करते रहे, लेकिन नदी की तेज रफ्तार के कारण कोई भी पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार, नाविक पानी के तेज बहाव में रामधाम की ओर से बहता हुआ रामघाट तक पहुंच गया। इस दौरान उसकी जान पर लगातार खतरा बना रहा। हालांकि, रामघाट के पास पहुंचने के बाद वह किसी तरह खुद को संभालने और सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा।
नाविक की जान तो बच गई, लेकिन उसकी नाव तेज बहाव में बह गई। बताया जा रहा है कि नाव की कीमत लाखों रुपये थी। घटना ने एक बार फिर बाढ़ के दौरान नदी के किनारे सुरक्षा व्यवस्था और नाविकों की सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा यह खौफनाक मंजर नदी के बढ़े जलस्तर और तेज बहाव की गंभीरता को बयां करता है। बाढ़ के दौरान लोगों से नदी और घाटों के आसपास जाने से बचने की अपील की जा रही है।
