Jamshedpur : बिष्टुपुर चैंबर भवन में सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SCCI) के तत्वावधान में ‘मानसून ट्रेड फेयर 2026’ का रंगारंग उद्घाटन किया गया। इस व्यापार मेले का मुख्य उद्देश्य महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना और महिला कारीगरों व व्यवसायियों को अपने उत्पादों के विपणन के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है। उद्घाटन समारोह के दौरान मानगो नगर निगम और जुगसलाई नगर परिषद की जनप्रतिनिधियों सहित चैंबर के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का आगाज किया।

Jamshedpur महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता को मिलेगा बढ़ावा
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए अतिथियों ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मील का पत्थर बताया। मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने कहा कि आज महिलाएं व्यापार के हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। ऐसे आयोजनों से उन्हें न केवल आर्थिक स्वतंत्रता मिलती है, बल्कि उनके उत्पादों को व्यापक बाजार और पहचान भी हासिल होती है।

Jamshedpur हैंडीक्राफ्ट, फैशन और फूड स्टॉल्स बने मुख्य आकर्षण
ट्रेड फेयर में जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों की महिला उद्यमियों द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। मेले में पारंपरिक व आधुनिक परिधान, डिजाइनर ज्वेलरी, हस्तशिल्प, गृह सज्जा की सामग्रियां, आर्गेनिक उत्पाद और लजीज खान-पान के व्यंजन प्रदर्शित किए गए हैं। चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया और उपाध्यक्ष अनिल मोदी ने बताया कि यह मेला महिलाओं को ब्रांडिंग, नेटवर्किंग और सीधे ग्राहकों से जुड़ने का एक उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।
वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ताओं और शिक्षाविदों ने किया अवलोकन
दोपहर के सत्र में जमशेदपुर विमेंस क्लब की अध्यक्ष रीना वेद गिरी, विमेंस यूनिवर्सिटी की कॉमर्स डीन डॉ. दीपा शरण तथा अन्य गणमान्य अतिथियों ने मेले का भ्रमण किया। उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन कर महिला उद्यमियों के नवाचार और कड़ी मेहनत की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन महासचिव पुनीत कांवटिया और धन्यवाद ज्ञापन सचिव भारत मकानी द्वारा किया गया। मेले को सफल बनाने में चैंबर की महिला कार्यकारिणी समिति और अन्य पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

