रिपोर्टर: रतन कुमार
Jamtara : झारखंड के जामताड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत चेगायडीह गांव में मंगलवार को एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई। यहां खेलते-खेलते गांव के ही तालाब में चले जाने के कारण तीन छोटे बच्चों की डूबने से मौत हो गई। इस भीषण हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
खेलते-खेलते तालाब की ओर गए थे बच्चे
Jamtara प्राप्त जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर लगभग 5 से 6 वर्ष की उम्र के तीन बच्चे एक साथ खेल रहे थे। खेलते-खेलते वे अपने घर से थोड़ी दूरी पर स्थित चिरकुटोला गांव के तालाब के पास पहुंच गए। अनुमान लगाया जा रहा है कि पानी के बहाव और गहराई का अंदाजा न होने के कारण तीनों बच्चे एक के बाद एक तालाब में फिसल गए और गहरे पानी में समा गए।
बहन ने तालाब के पास देखा खौफनाक मंजर
Jamtara जब काफी समय बीत जाने के बाद भी बच्चे घर वापस नहीं लौटे, तो उनके परिजनों ने गांव में खोजबीन शुरू की। खोजते हुए जब एक बच्चे की बहन तालाब की तरफ पहुंची, तो उसने तीनों बच्चों को पानी में अचेत अवस्था में देखा। बच्ची के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत तालाब की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं।
पुलिस ने शुरू की जांच, गांव में पसरा सन्नाटा
Jamtara हादसे में जान गंवाने वाले मासूमों की पहचान अमर अंसारी (6 वर्ष), आर्यन अंसारी (5 वर्ष) और नासिर अंसारी (6 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही जामताड़ा सदर थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी व पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी। एक साथ तीन घरों के चिराग बुझ जाने से चेगायडीह गांव का हर व्यक्ति गमगीन है।
ये भी पढ़े: इंदौर में ₹92 लाख की अवैध गर्भपात किट बरामद, औषधि विभाग ने बड़े नेटवर्क की जांच शुरू की

