रिपोर्टर: अजीत कुमार ठाकुर
Supaul : बिहार के सुपौल जिले की बीना पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित बिन्दीटोल में देर रात बेखौफ चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान उड़ा लिए। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। चोरी की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
Supaul पढ़ाई के दौरान सो गई बेटी, चोरों ने बक्से से उड़ाए जेवर
घटना सुधीर यादव के घर में हुई। बताया जा रहा है कि उनकी बेटी, जिसकी हाल ही में शादी हुई थी, परीक्षा देने के लिए मायके आई हुई थी। रात में पढ़ाई के दौरान उसने अपने शादी के सारे जेवर खोलकर बक्से में रख दिए और वहीं सो गई। इसी का फायदा उठाकर चोर चुपके से घर में घुसे और जेवर व अन्य सामान लेकर फरार हो गए।
Supaul बगीचे में बिखरे मिले सामान, 5 लाख के आभूषण चोरी
सुबह सोकर उठने पर परिजनों को सामान अस्त-व्यस्त मिला। खोजबीन करने पर घर से कुछ दूरी पर स्थित आम के बगीचे से खाली बक्से और बिखरा हुआ सामान बरामद हुआ, जिसे परिजनों ने पहचान लिया। पीड़ित सुधीर यादव के अनुसार, चोरी गए जेवरों की अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये है।
जांच में जुटी सदर थाना पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष रामसेवक रावत ने बताया कि पुलिस को चोरी की सूचना मिली है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
ये भी पढ़े: जमशेदपुर: पीएम श्री पीपुल्स अकादमी में ‘विश्व आदिवासी दिवस’ की पूर्व संध्या पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम

