JamshedpurJamshedpur
Spread the love

रिपोर्टर: प्रेम श्रीवास्‍तव

Jamshedpur : पीएम श्री उत्क्रमित पीपुल्स अकादमी +2 विद्यालय में शनिवार को विश्व आदिवासी दिवस की पूर्व संध्या पर विविध सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। इन आयोजनों का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को आदिवासी समाज की समृद्ध सभ्यता, संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराना था।

Jamshedpur पारंपरिक आदिवासी नृत्य और रचनात्मक पोस्टर प्रदर्शनी ने मोहा मन

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक आदिवासी नृत्य रहा। शिक्षिका श्रीमती प्रिया और श्रीमती अनुपमा के मार्गदर्शन में बालिकाओं ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर आदिवासी समाज के प्रकृति प्रेम और सामूहिक जीवनशैली को जीवंत कर दिया। इसके अलावा, छात्रों ने जल-जंगल-जमीन, प्रकृति संरक्षण और जनजातीय अधिकारों पर आधारित आकर्षक पोस्टर तैयार किए, जिनकी प्रदर्शनी विद्यालय परिसर में लगाई गई।

Jamshedpur पीपीटी प्रेजेंटेशन से दी गई वैश्विक और स्थानीय जनजातीय संस्कृति की जानकारी

विद्यालय के शिक्षक श्री प्रकाश महता ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आदिवासी समाज की सभ्यता, कला और सामाजिक संरचना के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आदिवासी संस्कृति मानव सभ्यता की एक अमूल्य विरासत है, जिसका संरक्षण हम सभी का दायित्व है।

“प्रकृति और संस्कृति का संतुलन सिखाता है आदिवासी समाज”: प्राचार्य

प्रात:कालीन सभा में विद्यालय के प्राचार्य श्री चंद्रदीप पाण्डेय ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना भी है। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को प्रकृति के साथ संतुलित जीवन जीने की कला आदिवासी समाज से सीखनी चाहिए। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

ये भी पढ़े: सुपौल में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा: 792 लीटर शराब और 254 ML नशीले इंजेक्शन बरामद, 6 गिरफ्तार