रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Ballia : उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक बेहद भावुक और चिंताजनक मामला सामने आया है। यहाँ एक नवविवाहिता अपने लापता पति की तलाश में दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। शहर कोतवाली क्षेत्र के जापलिंगंज मुहल्ले की रहने वाली पीड़ित महिला ज्योति वर्मा ने स्थानीय पुलिस पर सुनवाई न करने और अभद्रता का आरोप लगाते हुए एसपी कार्यालय में न्याय की गुहार लगाई है।
Ballia लंबे प्रेम संबंधों के बाद कोर्ट मैरिज, परिजनों की नाराजगी
पीड़िता ज्योति वर्मा के अनुसार, वह और उसका पति पिछले कई वर्षों से रिलेशनशिप में थे। दोनों ने आपसी सहमति से कोर्ट मैरिज की थी। हालांकि, यह शादी अंतरजातीय (इंटर कास्ट) होने के कारण लड़के के परिजन इस रिश्ते से सख्त नाराज थे और विवाह के खिलाफ थे।
Ballia संपत्ति से बेदखल कराने के बाद से पति संदिग्ध रूप से लापता
ज्योति का गंभीर आरोप है कि शादी की जानकारी मिलते ही सास-ससुर ने बेटे को धोखे से घर बुलाया। वहाँ उससे संपत्ति से बेदखली से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। महिला का दावा है कि 30 तारीख को हस्ताक्षर कराने के तुरंत बाद से ही उसका पति रहस्यमयी परिस्थितियों में गायब है। पीड़िता को अंदेशा है कि उसके ससुराल वालों ने ही पति को कहीं छिपा दिया है।
पुलिस पर टालमटोल का आरोप, एसपी से लगाई न्याय की गुहार
पति के अचानक गायब होने से बेबस महिला का रो-रोकर बुरा हाल है। ज्योति का आरोप है कि पुलिस स्टेशन जाने पर उसे मदद मिलने के बजाय डांटकर भगा दिया जाता है। पुलिस के इस निराशाजनक रवैये के बाद अब पीड़िता ने जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर पति की सुरक्षित बरामदगी और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ये भी पढ़े: कटिहार: बंगाल से टोटो में छिपाकर लाई जा रही 149 लीटर शराब जब्त, मद्य निषेध टीम ने तस्कर को दबोचा

