GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: संदीप राजावत

Gwalior : शासकीय कमला राजा कन्या स्नातकोत्तर स्वशासी महाविद्यालय (KRG College) में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई के तत्वावधान में गुरु पूर्णिमा उत्सव हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को भारतीय ज्ञान-संस्कृति, नैतिक मूल्यों और गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति जागरूक करना था।

Gwalior सरस्वती वंदना और सांदीपनि मुनि के पूजन से हुआ शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और महर्षि सांदीपनि के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। छात्राओं ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना और गुरु वंदना प्रस्तुत की। इसके पश्चात अतिथियों और प्राध्यापकों का पारंपरिक रूप से तिलक लगाकर, अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ तथा श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

प्रमुख अतिथियों एवं वक्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर भारतीय शिक्षण मंडल के अखिल भारतीय संयुक्त महामंत्री श्री पंकज नाफडे मुख्य अतिथि और विषय विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे। उनके अलावा मध्य भारत के कार्यकारी सदस्य श्री संदीप निरंकारी, जिला उपाध्यक्ष श्रीमती भारती पुजारी और महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दीपक पाठक विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव ने की।

“गुरु केवल ज्ञान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं”

समारोह में 100 से अधिक प्राध्यापक और छात्राएं शामिल हुईं। वक्ताओं ने भारतीय संस्कृति में गुरु के सर्वोच्च स्थान, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल किताबी ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्य जगाकर उनके सही व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं। छात्राओं ने भी अपने विचारों के माध्यम से गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता और समर्पण व्यक्त किया।

विशेष योगदान: कार्यक्रम का सफल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अर्चना सेन ने किया। आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम अधिकारी डॉ. तनु शर्मा के साथ-साथ स्वयंसेविका गोरी शर्मा, सिमरन अग्रवाल, हिमांशी कुशवाह, मुस्कान और श्रुति का विशेष सहयोग रहा।

ये भी पढ़े: छपरा: अवैध संबंध के विवाद में फल व्यवसायी की हत्या, परिजनों ने पत्नी पर लगाया चाकू मारने का आरोप