GwaliorGwalior
Spread the love

रिपोर्टर: सन्‍तोष सरावगी

Gwalior : जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के सख्त निर्देशों पर विभाग ने अलग-अलग ठिकानों पर अचानक दबिश देकर लाखों रुपये की अवैध मदिरा सामग्री जब्त कर नष्ट की है।

Gwalior उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह मावई के नेतृत्व में कंजर डेरों पर दबिश

मुखबिरों से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर, कंट्रोल रूम प्रभारी राजेश कुमार तिवारी और सहायक जिला आबकारी अधिकारी संतोष कुमार यादव के मार्गदर्शन में एक टीम गठित की गई। आबकारी उप निरीक्षक हरेंद्र सिंह मावई, रवि सिसोदिया और रोशनी पाटीदार के दल ने मोहनपुर स्थित कंजर डेरे, वृत्त आंतरिक और डबरा क्षेत्र में सघन छापेमारी की। इस छापामार कार्रवाई में मुख्य आरक्षक अशोक शर्मा, प्रकाश सखावर, रवि कुमार बघेल और ब्रजेश नागर का भी अहम योगदान रहा।

Gwalior 3200 किलो गुड़ लहान नष्ट, भारी मात्रा में शराब बरामद

कार्रवाई के दौरान आबकारी टीम ने प्लास्टिक के बड़े ड्रमों में भरकर रखा गया 3,200 किलोग्राम गुड़ लहान और 82 लीटर हाथभट्टी शराब बरामद की। इसके साथ ही 25 पाव देशी मदिरा (प्लेन) भी जब्त की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर ही लहान के नमूने लेकर बाकी पूरी सामग्री को बहाकर नष्ट कर दिया। विभाग के अनुसार, जब्त की गई शराब और नष्ट किए गए लहान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 38 हजार 150 रुपये आंकी गई है।

आबकारी अधिनियम के तहत 7 प्रकरण दर्ज, धरपकड़ जारी

इस पूरे अभियान में अलग-अलग स्थानों से कुल 7 मामले दर्ज किए गए हैं। मोहनपुर डेरे में एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की गंभीर धाराओं—34(1)(क), 34(2) और 49(क)—के तहत केस दर्ज किया गया है, जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है। वहीं, शीला कंजर नाम की महिला के पास से 10 पाव देशी मदिरा मिलने पर, तथा डबरा एवं अन्य क्षेत्रों से अवैध शराब की बरामदगी पर धारा 34(1)(क) और 36(ए) के तहत प्रकरण बनाए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि अवैध मदिरा माफियाओं के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

ये भी पढ़े: मुंबई में ‘बॉस स्कैम’: व्हाट्सएप पर डायरेक्टर की फोटो लगाकर कंपनी के GM से 1.98 करोड़ रुपये ठगे, 92% रकम होल्ड