GanderbalGanderbal
Spread the love

रिपोर्टर: गनेश सिंह

Ganderbal : जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। अमरनाथ धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक मकान पर जा गिरी। इस हादसे के समय बस में कुल 39 तीर्थयात्री सवार थे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस, सेना, ITBP और CRPF की टीमों ने त्वरित राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

Ganderbal बेकाबू होकर मकान पर गिरी श्रद्धालुओं की बस

जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना गांदरबल के गुंड (गनीवान) इलाके में खतरनाक मोड़ पर वाहन से नियंत्रण खो जाने के कारण हुई। बस अनियंत्रित होकर ढलान से फिसलते हुए सीधे एक रिहायशी मकान पर जा गिरी।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलते ही सुरक्षा बलों और स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल और गंभीर रूप से चोटिल यात्रियों को SKIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह है कि अधिकांश यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं और सभी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने लिया स्थिति का जायजा

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस दुखद हादसे पर संज्ञान लेते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की।

उन्होंने बताया कि बाबा बर्फानी के दर्शन कर लौट रहे यात्रियों के इलाज के लिए SKIMS अस्पताल को सर्वोत्कृष्ट चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उपराज्यपाल ने सभी घायल श्रद्धालुओं के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।

28 अगस्त तक जारी रहेगी 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा 2 जुलाई से शुरू हुई थी, जो 28 अगस्त तक चलेगी। अब तक 4.15 लाख से अधिक श्रद्धालु अनंतनाग जिले में स्थित 3,880 मीटर ऊंचे पवित्र अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। यह यात्रा दो मुख्य मार्गों—पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम रूट और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल रूट से संचालित की जा रही है।

ये भी पढ़े: बिहिया रेलवे स्टेशन पर तत्काल टिकट को लेकर बवाल: RPF जवानों और यात्रियों में चले लात-घूंसे, लगे संगीन आरोप