रिपोर्टर: नेहा गुप्ता
Bhojpur : जिले के बिहिया रेलवे स्टेशन स्थित तत्काल आरक्षण काउंटर पर रविवार को टिकट बुकिंग के दौरान जबरदस्त हंगामा हो गया। कतार में लगे यात्रियों और ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ (RPF) जवानों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद हाथापाई की नौबत आ गई। घटना के बाद स्टेशन परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल बना रहा।
Bhojpur लाईन से हटाने और दलाली के गंभीर आरोप
मामले में बिहिया नगर पंचायत के वार्ड पार्षद अजीत कुमार ने सुरक्षाकर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके अनुसार, उनके भाई सुजीत कुमार के लिए दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस (12792) का एसी तत्काल टिकट लेने के लिए उनका भतीजा राहुल कुमार तड़के ही कतार में खड़ा हो गया था।
आरोप है कि बुकिंग शुरू होने से ठीक पहले आरपीएफ जवानों ने राहुल को लाइन से पीछे धकेल दिया और किसी चहेते व्यक्ति को आगे बैठा दिया। जब राहुल ने इसका कड़ा विरोध किया तो जवानों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए कॉलर पकड़कर धक्का-मुक्की की। परिजनों ने आरपीएफ पर टिकट दलालों को शह देने का आरोप लगाते हुए दानापुर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) से लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है।
आरपीएफ की सफाई: आईडी चेकिंग के दौरान हुआ विवाद
वहीं दूसरी तरफ, मामले में आरपीएफ जवान राजू प्रसाद ने लगाए गए तमाम आरोपों को निराधार बताया है। आरपीएफ का कहना है कि काउंटर खुलने से पहले नियमों के तहत यात्रियों के पहचान पत्रों (आईडी/दस्तावेजों) की जांच की जा रही थी। उसी दौरान कुछ लोगों ने अनावश्यक बहस शुरू कर दी और पुलिस के साथ उलझ गए।
आरपीएफ का यह भी दावा है कि शिकायतकर्ता यात्री का टिकट पहले ही नंबर पर बनाया गया था और व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही जांच की जा रही थी।
वीडियो वायरल, तत्काल काउंटरों पर लगातार बढ़ रही तनातनी
इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरपीएफ जवानों और कतार में खड़े लोगों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की साफ देखी जा सकती है।
गौरतलब है कि ट्रेनों में तत्काल कोटे की सीमित सीटें होने के कारण अक्सर पहले-दूसरे नंबर पर खड़े यात्रियों को ही कन्फर्म टिकट मिल पाता है। इसी होड़ के चलते आए दिन रेलवे आरक्षण केंद्रों पर विवाद और हंगामे की स्थिति पैदा हो जाती है।
ये भी पढ़े: Dabra: सुरक्षा चेकिंग के दौरान अवैध हथियारों का जखीरा बरामद, दो कुख्यात आरोपी गिरफ्तार

