रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Kurukshetra Ladwa Police Station Case : हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा थाने से एक बड़ी और कड़क कार्रवाई की खबर सामने आई है। एक युवक द्वारा पुलिसकर्मियों पर लगाए गए प्रताड़ना के गंभीर आरोपों के बाद महकमे ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (SP) चन्द्र मोहन ने मामले की कमान खुद संभालते हुए शुक्रवार देर रात लाडवा थाने का औचक निरीक्षण किया और निष्पक्ष जांच के आदेश जारी किए।
Kurukshetra Ladwa Police Station Case रात के अंधेरे में एसपी का औचक निरीक्षण और कड़ा रुख
युवक की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चन्द्र मोहन देर रात खुद लाडवा थाने पहुंचे। उन्होंने पूरे घटनाक्रम से जुड़े दस्तावेजों और साक्ष्यों का गहनता से मुआयना किया। एसपी ने दो टूक शब्दों में कहा कि खाकी पर लगे दागों और गंभीर आरोपों के हर पहलू की बारीकी से जांच की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कठोर कार्रवाई तय होगी।
Kurukshetra Ladwa Police Station Case दो एएसआई और होमगार्ड जवान पर गिरी गाज, एफआईआर दर्ज करने की तैयारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए विभाग ने शुरुआती जांच के आधार पर तीन पुलिसकर्मियों पर तत्काल प्रभाव से निलंबन (Suspension) की गाज गिरा दी है। निलंबित होने वालों में आरोपी एएसआई संजीव कुमार, एएसआई राजेंद्र कुमार और होमगार्ड के जवान सुमित शामिल हैं। इसके साथ ही, पीड़ित युवक के साथ पुलिस कस्टडी में हुई मारपीट की पुष्टि होने के बाद इन तीनों के खिलाफ आपराधिक मुकदमा (FIR) दर्ज करने की विधिक प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
Kurukshetra Ladwa Police Station Case डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी करेगी अन्य संगीन आरोपों की जांच
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की बात साबित हो चुकी है, लेकिन उसके द्वारा लगाए गए अन्य गंभीर आरोपों की तह तक जाने के लिए डीएसपी निर्मल सिंह की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। यह एसआईटी पूरे मामले की निष्पक्षता से जांच कर अपनी रिपोर्ट आला अधिकारियों को सौंपेगी। पुलिस प्रशासन का कहना है कि विभाग में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दोषी कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय और कानूनी, दोनों ही स्तरों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

