GurugramGurugram
Spread the love

रिपोर्टर: विनय तिवारी

Road rage in Gurugram : दिल्ली से सटे साइबर सिटी गुरुग्राम के राजीव चौक के पास रोडरेज की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ हाईवे पर साइड न देने जैसी मामूली बात को लेकर स्कार्पियो सवार युवकों ने एक कार चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी और उसकी गाड़ी में तोड़फोड़ की। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम पुलिस ने शनिवार रात बीबीए (BBA) के दो छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है।

Road rage in Gurugram ओवरटेक की होड़ और बीच सड़क पर गुंडागर्दी

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, दिल्ली के सीआर पार्क निवासी अभिषेक चौधरी शनिवार दोपहर एक जरूरी व्यावसायिक बैठक के सिलसिले में गुरुग्राम के सोहना रोड आए थे। मीटिंग खत्म करने के बाद जब वह वापस दिल्ली लौट रहे थे, तभी राजीव चौक के पास एक स्कार्पियो गाड़ी उनके आगे-पीछे चलने लगी। स्कार्पियो सवार युवक बेहद लापरवाही से ड्राइविंग कर रहे थे और बार-बार उनकी कार को ओवरटेक करने की कोशिश में थे। जब अभिषेक उन्हें साइड नहीं दे पाए, तो आरोपियों ने उनकी विंडसर कार को आगे से घेरकर रोक लिया।

Road rage in Gurugram गाड़ी में तोड़फोड़ और मारपीट, पीड़ित ने दर्ज कराई शिकायत

कार रुकवाते ही स्कार्पियो से दो युवक उतरे और उन्होंने अभिषेक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। दबंगों ने अभिषेक की कार को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हिंसक घटना के बाद पीड़ित अभिषेक ने शनिवार दोपहर को ही नाहरपुर रूपा पुलिस चौकी में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी।

Road rage in Gurugram फाजिलपुर गांव से दबोचे गए आरोपी छात्र, स्कार्पियो बरामद

चौकी पुलिस ने तकनीकी इनपुट और स्थानीय सूचना के आधार पर शनिवार रात को ही छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गुरुग्राम के फाजिलपुर गांव से धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान पार्थ और पारस के रूप में हुई है, जो प्रबंधन (BBA) के छात्र बताए जा रहे हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कार्पियो गाड़ी को भी अपने कब्जे में ले लिया है और दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़े: Kolkata: विश्व युद्ध की ‘फाइटर एयरस्ट्रिप’ से योग दिवस के मंच तक, ऐतिहासिक ‘रेड रोड’ की अनकही दास्तान