BhagalpurBhagalpur
Spread the love

रिपोर्टर: संजीव कुमार शर्मा

Bhagalpur : बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू रखने की दिशा में भागलपुर की एक अदालत ने बड़ा फैसला सुनाया है। विशेष उत्पाद न्यायालय-2 के न्यायाधीश शिव कुमार शर्मा ने शराब तस्करी के आरोपी जीवन चौधरी को दोषी करार देते हुए 5 साल के साधारण कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने दोषी पर 1 लाख रुपये का आर्थिक दंड (जुर्माना) भी लगाया है। जुर्माना न भरने की स्थिति में उसे 6 महीने की अतिरिक्त जेल काटनी होगी।

Bhagalpur छापेमारी के दौरान बोतल लेकर भाग रहा था तस्कर, घर से मिली थी खेप

अभियोजन पक्ष के मुताबिक, यह मामला 22 सितंबर 2024 का है, जब मधुसूदनपुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अभियुक्त जीवन चौधरी अपने घर से अवैध शराब बेचने का धंधा कर रहा है। पुलिस ने जब उसके ठिकाने पर छापेमारी की, तो वह हाथ में शराब की बोतल लेकर भागने लगा। पुलिस बल ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 8 लीटर देसी शराब बरामद की गई थी, जिसके बाद मधुसूदनपुर थाना कांड संख्या-152/2024 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

Bhagalpur पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड: पहले भी ताड़ी और शराब के मामलों में जा चुका है जेल

अदालत में सुनवाई के दौरान यह बात भी सामने आई कि दोषी जीवन चौधरी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह आदतन शराब तस्कर है। उसके खिलाफ पूर्व में तीन और मामले दर्ज पाए गए। साल 2022 में उसके घर से 10 लीटर अवैध ताड़ी बरामद हुई थी, जबकि साल 2020 में पुलिस ने उसके घर के नीचे छिपाकर रखी गई 3.5 लीटर देसी शराब जब्त की थी। इसके अलावा वर्ष 2016 में भी उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था।

Bhagalpur पुख्ता सबूतों के आधार पर अदालत ने सुनाई कड़ी सजा

विशेष लोक अभियोजक (Special PP) भोला कुमार मंडल और उनकी सहयोगी कानूनी टीम (अधिवक्ता राजेंद्र कुमार, रविरंजन कुमार, पिंटू कुमार सिंह व राज तिलक कुश) ने अदालत के सामने पुख्ता मौखिक और दस्तावेजी साक्ष्य पेश किए। कड़े तर्कों और गवाहों के बयानों के आधार पर कोर्ट ने आरोपी के पिछले रिकॉर्ड को देखते हुए उसे कड़ा सबक सिखाया। अदालत ने 15 जून 2026 को ही उसे दोषी ठहरा दिया था, जिसके बाद बुधवार (17 जून) को सजा की अवधि मुकर्रर की गई।

ये भी पढ़े: Bathroom Wall Cleaning Tips: बाथरूम की पीली और गंदी दीवारों को मिनटों में करें साफ, टाइल्स फिर से दिखेंगी नई जैसी