US-Iran deal : पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीदों ने भारतीय शेयर बाजार में एक बार फिर नई जान फूंक दी है। सोमवार को अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की खबरों से निवेशकों की धारणा को जबरदस्त मजबूती मिली। इस सकारात्मक वैश्विक माहौल के बीच चौतरफा खरीदारी के दम पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों प्रमुख सूचकांक शानदार बढ़त के साथ बंद हुए।
US-Iran deal बाजार में लौटी रौनक: सेंसेक्स और निफ्टी की ऊंची छलांग
लंबे समय से जारी उतार-चढ़ाव पर विराम लगाते हुए सोमवार को बाजार ने जोरदार वापसी की। बीएसई (BSE) सेंसेक्स 1,073 अंकों की बड़ी बढ़त के साथ 76,488 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी (NSE Nifty) भी 312 अंक चढ़कर 24,031 पर पहुंच गया। काफी दिनों के इंतजार के बाद निफ्टी का 24 हजार के मनोवैज्ञानिक स्तर को पार करना निवेशकों के लिए बेहद उत्साहजनक संकेत है।
US-Iran deal कच्चे तेल के दाम गिरे, रुपया हुआ मजबूत
इस तेजी के पीछे सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों का घटना रहा। ब्रेंट क्रूड की कीमतें 5% से अधिक टूटकर $100 प्रति बैरल के नीचे आ गईं। अमेरिका-ईरान डील की संभावना से तेल की सप्लाई सुधरने की उम्मीद है, जिससे भारत जैसे बड़े तेल आयातक देश को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा, विदेशी मुद्रा बाजार में भी सुधार दिखा और भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले 47 पैसे मजबूत होकर 95.23 के स्तर पर बंद हुआ।
US-Iran deal रियल्टी और बैंकिंग सेक्टर चमके, इन शेयरों में रही हलचल
बाजार में आई इस तेजी का फायदा लगभग सभी सेक्टर्स को मिला। बैंकिंग, ऑटो, रियल्टी, मीडिया, ऑयल एंड गैस और एनर्जी इंडेक्स में 1 फीसदी तक का उछाल दर्ज किया गया। दिग्गज शेयरों की बात करें तो आइशर मोटर्स, एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, अडानी एंटरप्राइजेज और एचडीएफसी बैंक सबसे ज्यादा मुनाफे में रहे। दूसरी तरफ, मैक्स हेल्थकेयर, ओएनजीसी, हिंडाल्को, टीसीएस और बजाज ऑटो जैसे शेयरों में मामूली गिरावट देखी गई।
ये भी पढ़े: Besan Chila: दो लोगों के लिए कितना बेसन चाहिए? जानिए आसान रेसिपी और सही मात्रा

