रिपोर्टर: मनोज कुमार
Katihar : बिहार के कटिहार में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में जमीन पर अवैध कब्जा, रंगदारी, गोलीबारी और मारपीट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त कथित भू-माफिया आनंद कुमार सिंह को पुलिस ने दबोच लिया है। यह गिरफ्तारी कटिहार पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) की त्वरित कार्रवाई के बाद संभव हो सकी है।
Katihar पीड़ित परिवार पर फायरिंग और जबरन रजिस्ट्री का आरोप
इस पूरे मामले की शुरुआत 1 अप्रैल 2026 को हुई, जब मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरसा निवासी पुष्पेंद्र कुमार ने पुलिस में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित का आरोप है कि आनंद कुमार सिंह और उसके गुर्गों ने उनकी जमीन पर कब्जा करने के इरादे से मोटी रंगदारी की मांग की थी। जब पुष्पेंद्र ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए हवाई फायरिंग की, परिवार के साथ मारपीट की और घर में तोड़फोड़ व चोरी की वारदात को अंजाम दिया। यही नहीं, आरोपियों पर डरा-धमकाकर पुष्पेंद्र की पत्नी की पुश्तैनी जमीन को जबरन अपने नाम लिखवाने का भी आरोप है। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 124/26 दर्ज कर तफ्तीश शुरू की थी।
Katihar पुलिस कप्तान के निर्देश पर SIT ने बिछाया जाल
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कटिहार के पुलिस अधीक्षक ने सदर-1 के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) की अगुवाई में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन किया। इस विशेष टीम ने वैज्ञानिक और पारंपरिक साक्ष्यों के आधार पर जाल बिछाया और मुफ्फसिल थाने के सिरसा निवासी विनोद सिंह के बेटे और मुख्य आरोपी आनंद कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
Katihar साल 2011 से अपराध की दुनिया में सक्रिय है आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आनंद कुमार सिंह कोई साधारण अपराधी नहीं है, बल्कि उसका एक लंबा और पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। मुफ्फसिल थाने में साल 2011 से लेकर 2024 तक उसके खिलाफ रंगदारी, जानलेवा हमला, आगजनी, चोरी, आर्म्स एक्ट और एससी-एसटी (SC-ST) एक्ट के तहत कई संगीन मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस की टीम हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, साथ ही इस गिरोह में शामिल उसके अन्य सहयोगियों को दबोचने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

