रिपोर्टर: दीना नाथ
Aurangabad : बिहार के औरंगाबाद जिले से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ के दाउदनगर थाना क्षेत्र के भुइयां बिगहा के पास बीती रात बाइक सवार दो अज्ञात नकाबपोश अपराधियों ने एक किसान की गोली मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान केसरारी गांव निवासी 50 वर्षीय कुंदन यादव के रूप में हुई है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने शव के साथ मुख्य मार्ग जाम कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया।
Aurangabad घात लगाए हमलावरों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, पिस्टल लहराते हुए फरार
जानकारी के अनुसार, कुंदन यादव अपने किसी निजी घरेलू काम से दाउदनगर जा रहे थे। इसी दौरान भुइयां बिगहा के पास पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से कुंदन यादव लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात के प्रत्यक्षदर्शी और मृतक के चचेरे भाई संतोष कुमार ने बताया कि अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद हथियार लहराते हुए जिनोरिया की तरफ भाग निकले। स्थानीय लोग आनन-फानन में घायल किसान को अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर ले गए, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Aurangabad ‘टारगेट किलिंग’ का आरोप, पटना-औरंगाबाद मुख्य मार्ग पर चक्काजाम
जैसे ही किसान की मौत की खबर उनके गांव पहुंची, ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों और परिजनों ने शव को पटना-औरंगाबाद मुख्य सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि जिले में यादव समाज के लोगों को निशाना बनाकर ‘टारगेट किलिंग’ की जा रही है और पुलिस मूकदर्शक बनी हुई है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई न होने से लोग बेहद नाराज थे। हालांकि, कुछ स्थानीय लोग दबे स्वर में इसे पुरानी रंजिश का मामला भी बता रहे हैं।
Aurangabad पुलिस महकमे में खलबली, अपराधियों की धरपकड़ के लिए एसआईटी गठित
वारदात की सूचना मिलते ही दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास, सर्किल इंस्पेक्टर और थानाध्यक्ष विकास कुमार भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराने का प्रयास किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद के पुलिस कप्तान (SP) ने तत्काल एक विशेष टीम (SIT) का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी गई है और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जल्द ही अज्ञात हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

