रिपोर्टर: गगन पाण्डेय
Siwan : बिहार के सीवान जिले से एक बड़ी सफलता सामने आई है, जहाँ मैरवा थाना क्षेत्र के इंग्लिश गांव में स्थानीय पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने मिलकर अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। गुरुवार को योजनाबद्ध तरीके से की गई इस छापेमारी में पुलिस ने तीन शातिर बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार करने में सफलता पाई है।
Siwan भारी मात्रा में कारतूस, वाहन और असलहे बरामद
इस विशेष अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, 25 पीस जिंदा कारतूस, चार मोटरसाइकिलें और एक कार जब्त की है। पुलिस के अनुसार, इन वाहनों का उपयोग संभवतः हथियारों की सप्लाई और रेकी करने के लिए किया जा रहा था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इंग्लिश गांव के ही निवासी अहमद रजा, इसरार खान और मौजाहिदीन खान के रूप में की गई है।
Siwan मुख्य आरोपी की निशानदेही पर दूसरी जगह दबिश, एक संदिग्ध फरार
गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस ने तस्करों से कड़ाई से पूछताछ की, तो कई चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे। पकड़े गए आरोपी इसरार खान के बयान के आधार पर पुलिस टीम ने कबीरपुर गांव में विकास राजभर नामक एक अन्य संदिग्ध के ठिकाने पर छापेमारी की। हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही विकास राजभर मौके से भागने में सफल रहा। तलाशी के दौरान उसके घर से फिलहाल कोई संदिग्ध सामग्री हाथ नहीं लगी है।
Siwan नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस प्रशासन अब गिरफ्तार किए गए तीनों तस्करों से सघन पूछताछ कर रही है। पुलिस का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि ये हथियार कहां से लाए जा रहे थे और जिले या राज्य के किन-किन अपराधियों को इनकी सप्लाई की जानी थी। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस सिंडिकेट से जुड़े कई और बड़े चेहरों का पर्दाफाश हो सकता है।
ये भी पढ़े: Vicky Kaushal: विक्की कौशल की 7 दमदार फिल्में, जिनमें दिखा अभिनय का असली जादू

