रिपोर्टर: प्रेम कुमार
Jamshedpur : शिक्षा के क्षेत्र में जमशेदपुर का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित हुआ है। आदित्यपुर की रहने वाली शांभवी तिवारी ने ISC 12वीं (बायो साइंस) की परीक्षा 2026 में 100% अंक अर्जित कर पूरे देश में प्रथम स्थान (AIR-1) हासिल किया है। इस अभूतपूर्व सफलता के बाद शांभवी के आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
Jamshedpur कुणाल षड़ंगी ने शांभवी को बताया झारखंड का गौरव
शांभवी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूर्व विधायक सह झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता कुणाल षड़ंगी ने उनके आवास पहुंचकर उन्हें व्यक्तिगत रूप से बधाई दी। श्री षड़ंगी ने शांभवी को पुष्प गुच्छ, अंगवस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “शांभवी ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि झारखंड की प्रतिभा किसी से कम नहीं है। 100% अंक प्राप्त करना उनकी असाधारण एकाग्रता का परिणाम है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।”
Jamshedpur सफलता का मंत्र: परिश्रम और परिवार का साथ
अपनी इस शानदार जीत का श्रेय शांभवी ने अपने माता-पिता के मार्गदर्शन और शिक्षकों के सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि निरंतर अभ्यास और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही उनकी सफलता की कुंजी रही। कुणाल षड़ंगी ने शांभवी के माता-पिता को भी बधाई देते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का संबल सबसे महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने कामना की कि शांभवी भविष्य में भी इसी तरह देश का नाम रोशन करती रहें।
Jamshedpur सम्मान समारोह में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
सम्मान व्यक्त करने के इस अवसर पर कुणाल षड़ंगी के साथ क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। इनमें सरायकेला नगर परिषद के अध्यक्ष मनोज चौधरी, झामुमो के केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी, युवा समाजसेवी इंदरजीत सिंह और युवा उद्यमी प्रतीक कुमार प्रमुख थे। सभी ने एक स्वर में शांभवी की मेधा की सराहना की और इसे अन्य विद्यार्थियों के लिए एक महान प्रेरणा बताया।
ये भी पढ़े: Arrah: IIT की तैयारी कर रहे छात्र ने दी जान, BSF हवलदार के बेटे की जहर खाने से मौत

