BY: Yoganand Shrivastva
उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहाँ महज 200 रुपये के बकाया लेन-देन को लेकर हुए विवाद में तीन दबंगों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
₹500 का कर्ज और खूनी रंजिश
पुलिस के मुताबिक, चौधरी सराय का रहने वाला 28 वर्षीय शाहिद पेशे से पेंटर था। शाहिद ने आरोपी नईम, फजल और वासिफ से 500 रुपये उधार लिए थे। शाहिद अपनी ईमानदारी का परिचय देते हुए 300 रुपये पहले ही चुका चुका था, लेकिन शेष 200 रुपये के लिए आरोपी लगातार उस पर दबाव बना रहे थे। रविवार देर रात जब शाहिद कबूलपुरा इलाके से गुजर रहा था, तभी आरोपियों ने उसे घेर लिया और पैसों को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
लोहे की चेन से प्राणघातक हमला
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अपना आपा खो दिया और शाहिद पर भारी लोहे की चेन से हमला कर दिया। हमलावरों ने शाहिद की गर्दन, छाती और शरीर के अन्य संवेदनशील हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए। लहूलुहान शाहिद वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चोटें इतनी गहरी थीं कि डॉक्टरों ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया। शाहिद की मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया।
पुलिस की कार्रवाई: दो गिरफ्तार, एक फरार
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी नईम और वासिफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीसरा आरोपी फजल अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। वहीं, प्रदेश में अपराध की एक और घटना कौशांबी से आई, जहाँ सैर पर निकले एक पूर्व ग्राम प्रधान को बदमाशों ने गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
