रिपोर्टर: विपिन साहू
Delhi : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनाधिकृत प्रवेश के मामले में गिरफ्तार किए गए CJP नेता सौरव दास और आशुतोष रांका की हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर बुधवार को दिल्ली हाईकोर्ट में अहम सुनवाई हुई। इस दौरान सुनवाई कर रहे जज ने याचिकाकर्ताओं की उम्र पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वे GenZ की श्रेणी में नहीं आते हैं। साथ ही, कोर्ट की अनिच्छा को देखते हुए याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिका वापस ले ली है।
सुनवाई के दौरान कोर्ट की उम्र और GenZ पर टिप्पणी
Delhi दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान जब वकीलों ने सौरव दास की उम्र 27 साल और आशुतोष रांका की उम्र 31 साल बताई, तो अदालत ने टिप्पणी करते हुए कहा कि इसका मतलब है कि आप लोग GenZ नहीं हैं। कोर्ट ने आगे पूछा कि मिलेनियल्स किस आयु वर्ग को कहा जाता है। नीट पेपर लीक के विरोध-प्रदर्शन का जिक्र करते हुए अदालत ने कहा कि वह छात्रों का प्रोटेस्ट था जिसमें बच्चे शामिल थे, लेकिन अब स्थिति और मुद्दे बदल चुके हैं। कोर्ट ने यह भी सवाल उठाया कि याचिकाकर्ताओं का संबंध किस संगठन से है और उसका मुख्य उद्देश्य क्या है।
जंतर-मंतर विवाद और हिरासत को लेकर कानूनी बहस
Delhi याचिकाकर्ताओं के वकील अभिक चिमनी ने विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट (SEM) कोर्ट के आदेश को रद्द करने की मांग की थी। इस पर अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिकाकर्ताओं पर जंतर-मंतर जाकर बॉन्ड तोड़ने का गंभीर आरोप है, जिसे 11 अक्टूबर को ही डीनोटिफाई कर दिया गया था। कोर्ट ने कहा कि जब कानून-व्यवस्था बिगड़ने या शांति भंग होने की आशंका हो, तो ऐसे मामलों में प्रदर्शनकारियों की पहचान और संगठनों के उद्देश्य की जांच करना बेहद जरूरी हो जाता है।
CJP नेताओं ने वापस ली याचिका, SEM कोर्ट में होगी पेशी
Delhi न्यायाधीश सुब्रमण्यम प्रसाद ने वैकल्पिक उपाय (SEM कोर्ट) की मौजूदगी का हवाला देते हुए याचिका पर सुनवाई करने से अनिच्छा जताई। अदालत की सलाह पर याचिकाकर्ताओं ने अपनी याचिका वापस ले ली। आपको बता दें कि 14 अक्टूबर को जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट फ्री जोन घोषित किए जाने के बाद दोनों नेताओं ने वहां प्रवेश किया था, जिसके बाद उन्हें एहतियातन गिरफ्तार कर लिया गया था। उनकी हिरासत की अवधि पूरी होने के बाद उन्हें आज SEM कोर्ट में पेश किया जाएगा।
ये भी पढ़े: मध्य प्रदेश सरकार का नया अत्याधुनिक जेट भोपाल पहुंचा: 250 करोड़ का बॉम्बार्डियर चैलेंजर 3500 हुआ शामिल

