रिपोर्टर: योगेन्द्र सिंह
Lucknow : उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड तोड़ गर्मी और लू (हीट वेव) के थपेड़ों को देखते हुए योगी सरकार ने स्कूली बच्चों के हित में एक बड़ा फैसला लिया है। प्रदेश के बेसिक शिक्षा परिषद के तहत आने वाले और मान्यता प्राप्त सभी स्कूलों में चल रही गर्मियों की छुट्टियों (ग्रीष्मकालीन अवकाश) को अब 24 जून तक के लिए बढ़ा दिया गया है। सरकार के इस कदम का मुख्य उद्देश्य नौनिहालों को इस जानलेवा गर्मी से सुरक्षित रखना है।
Lucknow अब हर साल 20 मई से 24 जून तक रहेगा फिक्स्ड वेकेशन, डीएम नहीं बढ़ा सकेंगे छुट्टियां
अपर मुख्य सचिव (बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग) पार्थ सारथी सेन शर्मा द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के मुताबिक, अब राज्य में हर साल 20 मई से 24 जून तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी। 25 जून से नियमित रूप से स्कूल खोले जाएंगे और पढ़ाई शुरू होगी। दरअसल, पिछले सालों में देखा गया कि गर्मी के कारण अलग-अलग जिलों के जिलाधिकारी (DM) अपने स्तर पर बार-बार छुट्टियां बढ़ाते थे, जिससे पढ़ाई का शेड्यूल बिगड़ जाता था। अब नई व्यवस्था से पूरे उत्तर प्रदेश के स्कूलों में एकरूपता बनी रहेगी।
Lucknow 22 जून से स्कूल पहुंचेंगे शिक्षक, स्मार्ट क्लास और एमडीएम की तैयारियों को देंगे अंतिम रूप
भले ही बच्चों के लिए स्कूल 25 जून से खुलेंगे, लेकिन सभी शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और अन्य कर्मचारियों को 22 जून से ही स्कूल में उपस्थिति दर्ज करानी होगी। तीन दिनों (22, 23 और 24 जून) की इस अवधि में शिक्षक नए सत्र की पूरी रूपरेखा तैयार करेंगे। इसमें पाठ्यपुस्तकों का वितरण, मिड-डे मील (MDM) की व्यवस्था, लेसन प्लान तैयार करना, स्कूल परिसर व शौचालयों की साफ-सफाई और स्मार्ट क्लास व आईसीटी लैब को चालू करने जैसे महत्वपूर्ण काम निपटाए जाएंगे।
Lucknow आरटीई के तहत 220 कार्यदिवस अनिवार्य, 21 जून को मनेगा योग दिवस
सरकार ने शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं, जिसके तहत पूरे शैक्षणिक सत्र में कम से कम 220 दिन पढ़ाई होना कानूनी रूप से अनिवार्य है। जिलाधिकारियों को भी हिदायत दी गई है कि स्थानीय स्तर पर कोई भी अतिरिक्त छुट्टी घोषित करने से पहले इस नियम का ध्यान रखें। इसके अलावा, आदेश में कहा गया है कि छुट्टियों के बीच ही 21 जून को ‘अंतरराष्ट्रीय योग दिवस’ के मौके पर सभी स्कूलों में शिक्षक और छात्र मिलकर सामूहिक योगाभ्यास करेंगे।

