रिपोर्टर: गनेश सिंह
Tungnath Dham : उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थस्थलों में बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ हुड़दंगी पर्यटकों के कारण स्थानीय माहौल लगातार तनावपूर्ण होता जा रहा है। ताजा मामला रुद्रप्रयाग जिले में स्थित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के यात्रा मार्ग से सामने आया है। यहाँ रास्ता पूछने की बात को लेकर हुए मामूली विवाद में हरियाणा के एक युवक ने स्थानीय घोड़ा-खच्चर संचालक के सिर पर स्टील के कड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद से ही पहाड़ों में पर्यटकों के व्यवहार को लेकर एक नई बहस छिड़ गई है और स्थानीय लोगों ने ऐसे उपद्रवियों की एंट्री बैन करने की मांग उठाई है।
Tungnath Dham दूसरे के विवाद में कूदा यमुनानगर का राघव, सिर से बहता खून देख भड़के लोग
जानकारी के मुताबिक, यह हिंसक घटना 6 जून की है। तुंगनाथ पैदल मार्ग पर रास्ता बताने को लेकर एक आम यात्री और स्थानीय खच्चर चालक के बीच कहासुनी हो रही थी। इसी बीच हरियाणा के यमुनानगर का रहने वाला 19 वर्षीय राघव नामक युवक बिना वजह इस विवाद में कूद पड़ा। बीच-बचाव करने की जगह उसने खच्चर संचालक के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते राघव ने अपने हाथ में पहने भारी स्टील के कड़े से चालक के सिर पर जोरदार वार कर दिया, जिससे उसका सिर फट गया और खून बहने लगा।
Tungnath Dham स्थानीय भीड़ ने आरोपी को जमीन पर बैठाकर घेरा, वीडियो बनाकर पुलिस को सौंपा
खच्चर चालक को लहूलुहान देख आसपास मौजूद स्थानीय दुकानदार और ग्रामीण उग्र हो गए। उन्होंने तुरंत भाग रहे आरोपी पर्यटक को दबोच लिया।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि स्थानीय लोगों ने आरोपी को जमीन पर बैठा रखा है और उससे उसका नाम, पता और पिता का नाम पूछ रहे हैं। वीडियो में पहाड़ी मूल के लोग यह नाराजगी जताते हुए दिख रहे हैं कि हरियाणा से आने वाले कुछ पर्यटकों की बदतमीजी की वजह से देवभूमि की शांति भंग हो रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर ऊखीमठ थाने ले आई, जहाँ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tungnath Dham उत्तराखंड में हरियाणवी पर्यटकों से जुड़ा यह पहला विवाद नहीं; ऋषिकेश में भी हुई थी पिटाई
यह कोई पहला मामला नहीं है जब उत्तराखंड में हरियाणा के पर्यटकों का विवाद स्थानीय लोगों से हुआ हो। इससे ठीक पहले 20 मई को ऋषिकेश में कैथल (हरियाणा) के दो पर्यटकों को भीड़ ने कपड़े उतारकर बेरहमी से पीटा था। उन पर एक नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकतें करने का आरोप लगा था, हालांकि पर्यटकों ने दावा किया था कि उनकी हरियाणा नंबर की गाड़ी देखकर उन्हें जानबूझकर निशाना बनाया गया। इन लगातार होती घटनाओं ने अब देवभूमि में आने वाले पर्यटकों की थर्मल स्क्रीनिंग और कड़े वेरिफिकेशन की मांग को और तेज कर दिया है।

