रिपोर्टर: गगन पाण्डेय
Siwan : जिले के भगवानपुर हाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मोरा गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका का शव घर के अंदर फंदे से झूलता पाया गया, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद मायके और ससुराल पक्ष के बीच भारी तनाव देखा जा रहा है।
Siwan शादी के तीन महीने बाद ही उजड़ गया सुहाग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान शबाना खातून के रूप में हुई है, जिसकी शादी इसी वर्ष 4 फरवरी को सद्दाम हुसैन के साथ बड़े अरमानों के साथ हुई थी। अभी हाथों की मेहंदी का रंग भी नहीं छूटा था कि शादी के महज तीन महीने के भीतर शबाना की जिंदगी का सफर खत्म हो गया। सोमवार को उसका शव संदिग्ध अवस्था में घर में फंदे से लटका मिला। जैसे ही यह खबर गांव में फैली, ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
Siwan ₹4 लाख की गाड़ी के लिए उत्पीड़न का आरोप
मृतका की माँ, आसाम बेगम ने ससुराल वालों पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि निकाह के कुछ समय बाद से ही शबाना को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाने लगा था। ससुराल पक्ष द्वारा 4 लाख रुपये की गाड़ी की लगातार मांग की जा रही थी। माँ का आरोप है कि मांग पूरी न होने के कारण उनकी बेटी को शारीरिक और मानसिक रूप से टॉर्चर किया जाता था।
“करीब 15 दिन पहले इस विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत भी बुलाई गई थी, लेकिन प्रताड़ना का सिलसिला नहीं थमा। यह आत्महत्या नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या है।” – मृतका की माँ
Siwan ससुराल पक्ष की सफाई और पुलिसिया कार्रवाई
दूसरी ओर, ससुराल पक्ष ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। मृतका की सास नूरजहां का कहना है कि शबाना ने सुबह का खाना बनाया था, जिसके बाद वह (सास) मवेशियों के पास चली गई थीं। उनके अनुसार, शबाना की अपने पति से (जो छत्तीसगढ़ में कार्यरत है) फोन पर किसी बात को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलने पर भगवानपुर हाट पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस मायके पक्ष की तहरीर के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
Also Read This: Gwalior हाईकोर्ट से राघवेंद्र शर्मा को बड़ी राहत: संविदा कर्मचारी के खिलाफ FIR दर्ज करने के आदेश पर कोर्ट ने लगाई रोक

