रिपोर्टर: रविन्द्र सिंह
Shivpuri : मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में अवैध शराब के फलते-फूलते कारोबार से परेशान सहरिया क्रांति से जुड़ी आदिवासी महिलाओं ने प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। बुधवार को बड़ी संख्या में महिलाएं अपने साथ बोरियों में भरकर संदिग्ध कच्ची शराब लेकर सीधे शिवपुरी कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय पहुंचीं। कलेक्ट्रेट परिसर में ही अपर कलेक्टर दिनेश चंद्र शुक्ला के सामने महिलाओं ने बोरी खोलकर पूरी शराब दहलीज पर उड़ेल दी। इस अप्रत्याशित कदम से मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।
तड़के 4 बजे पकड़ा अवैध शराब का जत्था
Shivpuri प्रदर्शनकारी महिलाओं ने बताया कि उन्हें सुबह तड़के करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि उनके गांव में बिक्री के लिए अवैध कच्ची शराब की बड़ी खेप लाई गई है। सूचना मिलते ही सतर्क हुई सहरिया क्रांति की महिला सदस्यों ने घेराबंदी कर शराब पहुंचाने आए व्यक्ति को धर दबोचा और उसके पास मौजूद कच्ची शराब को अपने कब्जे में ले लिया। महिलाओं ने इस शराब को गांव में नष्ट करने के बजाय अधिकारियों के सामने पेश करने का फैसला किया, ताकि प्रशासन को गांवों में पसरे अवैध शराब के नेटवर्क की जमीनी हकीकत दिखाई जा सके।
सुरवाया क्षेत्र के दर्जनों गांव अवैध शराब से प्रभावित
Shivpuri आदिवासी महिलाओं ने सुरवाया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कई गांवों में धड़ल्ले से बेची जा रही अवैध शराब पर गहरा आक्रोश जताया। महिलाओं का कहना था कि अवैध शराब के कारण ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति पूरी तरह चौपट हो रही है। शराबखोरी के चलते आए दिन घरेलू हिंसा और सामाजिक अपराध बढ़ रहे हैं। सिर्फ एक-दो मोहरों पर कार्रवाई करने के बजाय सप्लाई चेन के मुख्य सरगनाओं को बेनकाब किया जाना जरूरी है।
एसपी ऑफिस पहुंचीं महिलाएं, आबकारी विभाग ने लिया सैंपल
Shivpuri कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद महिलाएं एसपी ऑफिस भी पहुंचीं और गांवों में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा तस्करों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर ने तत्काल आबकारी विभाग की टीम को मौके पर बुलाया। विभाग के अधिकारियों ने महिलाओं द्वारा लाई गई शराब के सैंपल जांच के लिए भेज दिए हैं। आबकारी टीम यह पता लगा रही है कि शराब में कोई जहरीला या हानिकारक केमिकल तो नहीं मिलाया गया था।
ये भी पढ़े: कांकेर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ का आगाज: कलेक्टर ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, शाम को जगमगाएंगे 5 लाख दीप

