रिपोर्टर: रंजन कुमार
Sheikhpura : जिले में कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने एक बड़ा और सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक हिमांशु के सख्त निर्देश पर चलाए गए इस अभियान से नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
Sheikhpura प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस की घेराबंदी
एसपी के आदेश के बाद पुलिस टीम ने शेखपुरा शहर के सभी व्यस्त और प्रमुख इलाकों में अचानक घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस ने दलु चौक, चांदनी चौक, कटरा चौक, तीनमुहानी, गिरिंहिंडा और बुधौली जैसे प्रमुख स्थानों पर विशेष नाकेबंदी की और आने-जाने वाले वाहनों की गहनता से जांच की।
दर्जनों ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहन जब्त
अभियान के दौरान नियमों की अनदेखी करने वालों पर पुलिस का चाबुक चला:
- अनियमित ऑटो पर गाज: बिना नंबर प्लेट, अवैध रूप से परिचालन करने वाले या कागजातों में गड़बड़ी वाले दर्जनों ऑटो और टेम्पो को जब्त कर सीधे थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया।
- दोपहिया वाहन चालक: बिना हेलमेट पहनने वालों, दोपहिया पर तीन सवारी (ट्रिपल राइडिंग) बैठाने वालों और सड़कों पर खतरनाक तरीके से ‘लहरिया कट’ मारने वाले मनचले चालकों पर सीधी कार्रवाई की गई।
- चारपहिया वाहन एवं फर्जी स्टिकर: बिना सीट बेल्ट गाड़ी चलाने वालों के साथ-साथ वाहनों पर अवैध रूप से ‘प्रेस’ या ‘पुलिस’ लिखवाकर घूमने वाले फर्जी चालकों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए गाड़ियां जब्त की गईं।
आगे भी जारी रहेगा चेकिंग अभियान: यातायात थानाध्यक्ष
मामले की जानकारी देते हुए यातायात थानाध्यक्ष सदाशिव कुमार साहा ने बताया कि इससे पूर्व भी हथिया मोड़ पर इसी तरह का चेकिंग अभियान चलाया गया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, यातायात सुरक्षा सुनिश्चित करने और शहर में विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

